विज्ञापन

अधूरी मोहब्बत की दास्तां कहता है 66 साल पुराना मीना कुमारी का ये गाना, लता मंगेशकर की आवाज ने बना दिया कालजयी

1960 में मीना कुमारी पर फिल्माए गए इस गाने को लता मंगेशकर की आवाज, शंकर-जयकिशन के संगीत और शैलेंद्र के दिल छू लेने वाले बोलों ने अमर बना दिया. इस गाने की रेडियो पर खूब फरमाइशें आती थी. ये गाना प्यार में बिछड़ने वालों के दिल की आवाज माना जाता है.

अधूरी मोहब्बत की दास्तां कहता है 66 साल पुराना मीना कुमारी का ये गाना, लता मंगेशकर की आवाज ने बना दिया कालजयी
रेडियो पर बार-बार बजती थी इस गाने की फरमाइश
YouTube
नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में कुछ आवाजें ऐसी होती हैं, जो वक्त के साथ पुरानी नहीं होतीं, बल्कि आने वाले समय और नए दौर में भी उन पुराने एहसासों को याद दिलाती हैं. लता मंगेशकर जिन्हें भारत की स्वर कोकिला कहा जाता था उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में साल 1960 में एक दर्दभरे किरदार को अपनी आवाज दी थी. इस गाने को पर्दे पर मीना कुमारी के लिए दर्शाया गया था, उनके साथ इस गाने में राज कुमार और नदिरा भी नजर आई थीं. ये गाना दर्शकों को इतना पसंद आया कि ये 66 साल बाद भी ये दर्दे दिल का हाल बयां करता है. 1960 में आई इस फिल्म के संगीत में मोहम्मद रफी और आशा भोसले की आवाज भी सुनाई दी थी. तो आइए जानते हैं ये कौन सा गाना है जो इतने सालों बाद भी अपने दर्द से लोगों को जोड़ पाता है.

मीना कुमारी के दर्द की आवाज बनी थीं लता 

साल 1960 में आई फिल्म 'दिल अपना और प्रीत पराई' फिल्म को आए 66 साल हो गए हैं, लेकिन इसका गाना 'अजीब दास्तां है ये' आज भी लोगों की जुबां पर रहता है. इस गाने को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज से सदाबहार बनाया, शंकर-जयकिशन का संगीत और शैलेंद्र के लिखे बोलों ने इस गाने को ऐसा बनाया कि इतने सालों बाद भी इस गाने का खुमार लोगों के बीच कम नहीं हुआ. फिल्म दिल अपना प्रीत पराई का निर्देशन किशोर साहू ने किया था. इस फिल्म में मीना कुमारी, राज कुमार और नादिरा मुख्य किरदारों में नजर आए थे. फिल्म की कहानी प्यार, रिश्तों और मजबूरियों के बीच उलझे एक डॉक्टर और नर्स की थी. गाने के बोल इस तरह हैं- 

अजीब दास्ताँ है ये, कहाँ शुरू, कहाँ ख़त्म
ये मंज़िलें हैं कौन सी, ना वो समझ सके, ना हम
ये रोशनी के साथ क्यूँ धुआँ उठा चिराग़ से?
ये ख़्वाब देखती हूँ मैं कि जग पड़ी हूँ ख़्वाब से
अजीब दास्ताँ है ये, कहाँ शुरू, कहाँ ख़त्म
ये मंज़िलें हैं कौन सी, ना वो समझ सके, ना हम
मुबारकें तुम्हें कि तुम किसी के नूर हो गए
किसी के इतने पास हो कि सब से दूर हो गए
अजीब दास्ताँ है ये, कहाँ शुरू, कहाँ ख़त्म
ये मंज़िलें हैं कौन सी, ना वो समझ सके, ना हम

फिल्म का कहानी 

फिल्म की कहानी की बात करें तो इसमें मीना कुमारी ने नर्स करुणा का किरदार निभाया था, जिसे डॉक्टर सुशील वर्मा यानी राज कुमार से प्यार हो जाता है. लेकिन सुशील अपने परिवार की वजह से मीना से शादी नहीं कर पाता और कुसुम यानी नादिरा से शादी कर लेता है. ऐसे में करुणा के हिस्से में प्यार से दूर होने का दर्द दिखता है. इसी भावना को गाने के जरिए सामने रखा गया. इस गीत को फिल्म का क्लासिक गीत बताया गया है. 'अजीब दास्तां है ये' सिर्फ एक रोमांटिक गाना नहीं था, बल्कि फिल्म की कहानी में छिपी कहानी थी. प्यार को खोने वाली लड़की के दिल का दर्द इस गाने में बखूबी बयां किया गया है.

ये भी पढ़ें: कविता कृष्णमूर्ति का 27 साल पुराना गरबा वाला वो गाना, ढोल की थाप पर ऐश्वर्या का डांस, इस्माइल दरबार ने दिया गुजराती टच

शंकर-जयकिशन की धुन और शैलेंद्र के बोल

इस गाने को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी. इसके बोल शैलेंद्र ने लिखे और संगीत शंकर-जयकिशन ने तैयार किया था. 'दिल अपना और प्रीत पराई' फिल्म के साउंडट्रैक  की बात करें तो फिल्म में  कुल 7 गाने थे और ये सभी हिट हुए थे. फिल्म के गानों में लता मंगेशकर के अलावा आशा भोसले और मोहम्मद रफी की आवाज भी सुनने को मिली. फिल्म के संगीत को दर्शकों ने कितना पसंद किया इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साल 1961 में हुए फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में शंकर-जयकिशन को इसी फिल्म के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला था.

BBC की लिस्ट में भी मिली खास जगह

'अजीब दास्तां है ये' गाने को लोगों को सिर्फ भारत में नहीं पसंद किया बल्कि बीबीसी एशियन नेटवर्क की '100 Greatest Bollywood Songs' की वोटिंग में इस गाने को चौथे नंबर पर शामिल किया गया. इस लिस्ट में बहारों फूल बरसाओ, आवारा हूं और तुझे देखा तो ये जाना सनम जैसे गाने भी शामिल थे.  इस गाने का इस्तेमाल टीवी सीरियल 'कसौटी जिंदगी की' में भी किया गया. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lata Mangeshkar Songs, Ajeeb Daastan Hai Ye, Meena Kumari  movies, Hindi News, Ndtv Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com