क्या पृथ्वी के 2 चंद्रमा हैं? 2100 साल से हमारे ग्रह के नजदीक है Quasi-Moon, जानें इसके बारे में
खगोलविदों ने हमारे ग्रह के करीब एक एस्टरॉयड (Asteroid) का पता लगाया है, जो सूर्य के साथ-साथ पृथ्वी का चक्कर भी लगाता है।
-
पृथ्वी के चंद्रमा के बारे में हम सभी जानते हैं, लेकिन क्या हमारे ग्रह का एक और चंद्रमा है? खगोलविदों ने हमारे ग्रह के करीब एक एस्टरॉयड (Asteroid) का पता लगाया है, जो सूर्य के साथ-साथ पृथ्वी का चक्कर भी लगाता है। इस वजह से यह हमारे ग्रह का अर्ध चंद्रमा या कहें नाम का चंद्रमा (quasi-moon) बन गया है। जानकारी के अनुसार, इस एस्टरॉयड का नाम 2023 FW13 है। एस्टरॉयड जिस कक्षा में मौजूद है, वह मंगल और शुक्र से होकर गुजरती है।
-
इस एस्टरॉयड के नाम से ही पता चल जाता है कि इसकी खोज 2023 में हुई है। स्काईएंडटेलीस्कोप के अनुसार, वैज्ञानिकों ने सबसे पहले इस एस्टरॉयड को 28 मार्च को देखा था। Pan-STARRS सर्वे टेलीस्कोप की मदद से एस्टरॉयड को देखा गया था। हवाई और अमेरिका में लगे टेलीस्कोपों ने भी कन्फर्म किया है कि 2023 FW13 का वजूद है।
-
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, इन्हें लघु ग्रह भी कहा जाता है। जिस तरह से हमारे सौर मंडल के सभी ग्रह सूर्य का चक्कर लगाते हैं, उसी तरह एस्टरॉयड्स भी सूर्य की परिक्रमा करते हैं। लगभग 4.6 अरब साल पहले हमारे सौर मंडल के गठन के बाद जो चट्टानी अवशेष बचे रह गए, वही एस्टरॉयड हैं।
-
2023 FW13 एस्टरॉयड कुछ मायनों में खास है। एड्रियन कॉफिनेट नाम के एक जर्नलिस्ट ने एक खगोलशास्त्री के बनाए ऑर्बिट सिम्युलेटर के जरिए एस्टरॉयड के रूट का पता लगाया। पता चला कि 2023 FW13 को सूर्य की परिक्रमा करने में उतना ही वक्त लगता है, जितना हमारी पृथ्वी लगाती है। यह हमारे ग्रह के चारों ओर भी घूमता है।
-
2023 FW13 का आकार लगभग 65 फीट चौड़ा हो सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, यह हमेशा ही हमारे ग्रह के आसपास रहता है और डेढ़ करोड़ किलोमीटर तक नजदीक आता है। हालांकि यह हमारे ग्रह के लिए संभावित रूप से खतरनाक की कैटिगरी में शामिल नहीं है। वही एस्टरॉयड पृथ्वी के लिए चुनौती बन सकते हैं, जो 80 लाख किलोमीटर या उससे भी ज्यादा नजदीक आते हैं।
-
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ‘एस्टरॉयड 2023 FW13' लगभग 2121 साल से पृथ्वी के आसपास है और अगले 1700 साल तक धरती के नजदीक रहेगा। यह हमारे ग्रह के लिए कोई खतरा नहीं है। अगर कोई एस्टरॉयड पृथ्वी से टकरा जाए, तो बड़ी तबाही ला सकता है। माना जाता है कि करोड़ों साल पहले पृथ्वी से डायनासोरों का खात्मा भी एक एस्टरॉयड की टक्कर के बाद आए विनाश से हुआ था। सभी तस्वीरें, सांकेतिक।