Dasara Collection Day 1 : साउथ की फिल्म ‘दसरा' की धमाकेदार शुरुआत, पहले दिन अजय देवगन की ‘भोला' से ज्यादा कमाई की!
सोशल मीडिया में कई लोग अनुमान लगा रहे थे कि दसरा, अजय देवगन की भोला को कमाई के मामले में पछाड़ देगी। लोगों का आकलन सही होता हुआ दिख रहा है।
-
Dasara Box Office Collection Day 1 : साउथ की फिल्म ‘दसरा' (Dasara) ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। यह फिल्म कल यानी गुरुवार को रिलीज हुई थी। अजय देवगन की फिल्म भोला (Bholaa) भी दसरा के साथ सिनेमाघरों में उतरी है। सोशल मीडिया में कई लोग अनुमान लगा रहे थे कि दसरा, अजय देवगन की भोला को कमाई के मामले में पछाड़ देगी। लोगों का आकलन सही होता हुआ दिख रहा है। दसरा के पहले दिन के कलेक्शन के आंकड़े सामने आए हैं, जिससे पता चलता है कि टॉलीवुड स्टार नानी (Nani) को देखने सिनेमाघरों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
-
‘दसरा' मूल रूप से तेलेगु भाषा की फिल्म है। इसे हिंदी में भी रिलीज किया गया है। दर्शकों में इस फिल्म का क्रेज ‘ट्रेलर' के रिलीज होने से पहले से दिखाई दे रहा था। फिल्म ने एडवांस बुकिंग में भी दम दिखाया था। दसरा में नानी के साथ कीर्ति सुरेश (Keerthy Suresh) लीड रोल में नजर आई हैं। इस पीरियड ऐक्शन ड्रामा फिल्म का बजट 65 करोड़ रुपये बताया जाता है।
-
Koimoi की रिपोर्ट के अनुसार, दसरा ने बीते मंगलवार रात 12 बजे तक पहले दिन की एडवांस बुकिंग (ब्लॉक सीट्स को छोड़कर) से भारत में 2.25 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। उस समय तक पूरे देश में फिल्म की 1.18 लाख से अधिक टिकटों की बिक्री हुई थी। ज्यादा टिकटें तेलेगु वर्जन के लिए बिकी थीं। हिंदी वर्जन के जरिए 2 लाख रुपये का कलेक्शन हुआ था।
-
बताया जा रहा है कि टॉलीवुड स्टार ‘नानी' की इस फिल्म के आंध्रप्रदेश और तेलंगाना राज्यों में सबसे पहला शो सुबह 5 बजे से ही शुरू हो गया। फिल्म तेलेगु के अलावा हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज की गई है। कई दर्शक यह कह रहे थे कि दसरा का कलेक्शन भोला से ज्यादा होगा। फिल्म के पहले दिन के आंकड़ों को देखने के बाद यह बात सही नजर आ रही है।
-
क्या दसरा और भोला के बीच बॉक्स ऑफिस पर टक्कर होगी? एक्सपर्ट की मानें, तो दोनों फिल्मों के बीच सीधा मुकाबला नहीं होगा। हां! अगर दसरा ज्यादा सुर्खियां बटोरती है और हिंदी पट्टी में भी फिल्म को देखने के लिए लोग उमड़ते हैं तो भोला के कलेक्शन पर असर पड़ना तय है। ध्यान देने वाली बात है कि भोला एक तमिल फिल्म का रीमेक है और साउथ में शायद दर्शक इस फिल्म को देखने कम पहुंचें। इसके उलट, दसरा पूरे देश में लोगों को आकर्षित कर सकती है।
-
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk ने बताया है कि नानी की फिल्म ‘दसरा' ने पहले दिन 17 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। यह शुरुआती अनुमान है और गैजेट्स 360 हिंदी कलेक्शन के आंकड़ों की पुष्टि नहीं करता। अगर दसरा ने पहले दिन यह कमाई की है, तो भोला से उसका कलेक्शन कहीं ज्यादा है। कहा जा रहा है कि भोला ने पहले दिन करीब 11.50 करोड़ रुपये भारतीय बॉक्स पर जुटाए हैं।
-
Sacnilk के अनुसार, दसरा के कलेक्शन का बड़ा हिस्सा फिल्म के तेलेगु वर्जन से आया है। इंडस्ट्री ट्रैकर का अनुमान है कि नानी की फिल्म अपनी रिलीज के दूसरे दिन सभी भाषाओं में 9 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। शनिवार और रविवार का दिन इस फिल्म के लिए बड़ा होगा। माना जा रहा है कि साउथ में इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ सकती है।
-
दसरा से पहले भी नानी ने कई फिल्में की हैं, जिनके जरिए उन्होंने तेलेगु सिनेमा में जबरदस्त फैन फॉलोइंग हासिल की है। उनकी पहली फिल्म Ashta Chamma थी, जो 2008 में रिलीज हुई थी। इसके बाद, वे Ride, Bheemili Kabaddi Jattu, Ala Modalaindi जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। उनकी आखिरी फिल्म 2022 में रिलीज हुई Ante Sundaraaniki! थी।
-
Dasara के निर्देशक श्रीकांत उडेला हैं और एसएलवी सिनेमाज बैनर के तले फिल्म का निर्माण हुआ है। फिल्म को एए फिल्म्स और स्टार स्टूडियोज मिलकर डिस्ट्रीब्यूट कर रहे हैं। तस्वीरें, @Ganeshen5, @prabhakar_hmtv, @VRFridayMatinee, @HeroManoj1 के सोशल मीडिया अकाउंट से।