विज्ञापन
This Article is From Feb 23, 2020

शराब को ऑनलाइन बेचने को मंजूरी दिए जाने पर BJP ने कमलनाथ सरकार की आलोचना की, कहा- 'आगे-आगे देखते जाइये...'

मध्यप्रदेश में विदेशी शराब की ऑनलाइन बिक्री को मंजूरी देने के फैसले की आलोचना करते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने रविवार को प्रदेश की कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार को 'दारू बेचने वाली सरकार' करार दिया.

शराब को ऑनलाइन बेचने को मंजूरी दिए जाने पर BJP ने कमलनाथ सरकार की आलोचना की, कहा- 'आगे-आगे देखते जाइये...'
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ. (फाइल फोटो)
इंदौर:

मध्यप्रदेश में विदेशी शराब की ऑनलाइन बिक्री को मंजूरी देने के फैसले की आलोचना करते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने रविवार को प्रदेश की कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार को 'दारू बेचने वाली सरकार' करार दिया. शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, 'हम तो सोच रहे थे कि कमलनाथ सरकार सूबे में निवेश को बढ़ावा देते हुए नये कारखाने खुलवायेगी, युवाओं को रोजगार देगी, नये अस्पताल खोलेगी, किसानों को खाद-बीज मुहैया करायेगी और दूध उत्पादन को बढ़ावा देगी, लेकिन सरकार ने ऑनलाइन दारू (शराब) बेचने का फैसला किया है.' उन्होंने कहा, 'यह दारू (शराब) बेचने वाली सरकार है. आगे-आगे देखते जाइये कि राज्य में क्या होता है?'

शर्मा, भोपाल की हुजूर सीट से विधायक हैं. वह विधानसभा में प्रस्तुत 'मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध (संशोधन) विधेयक 2019' पर विचार के लिए गठित प्रवर समिति की बैठक में हिस्सा लेने इंदौर आए थे. भाजपा नेता ने कहा कि सूबे में पुलिस-प्रशासन की सख्ती के जरिये गो तस्करी पर लगाम लगाये जाने की जरूरत है ताकि दो संप्रदायों के बीच तनाव पैदा न हो.

रामेश्वर शर्मा ने एक सवाल पर कहा, 'हम देश में बीफ (गोमांस) फेस्टिवल मनाये जाने के खिलाफ जंग छेड़ेंगे. हम ऐसे फेस्टिवल मनाने वाले लोगों को समझायेंगे कि वे गाय का दूध पीकर मस्त रहें और अगर वे इसे (गाय) खायेंगे, तो यह उन्हें खा जाएगी.'

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rameshwar Sharma, Madhya Pradesh, Kamal Nath, MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com