म्यूजिक एक ऐसी चीज है, जो बिना कुछ कहे ही दिल की हर बात समझा देती है. जब मन खुश होता है तो गाने अपने आप होंठों पर आ जाते हैं, और जब उदासी होती है तो कोई सुकून भरा गीत दिल को हल्का कर देता है. यही वजह है कि म्यूजिक सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. अगर शब्दों में कुछ कहना मुश्किल हो, तो म्यूजिक खुद-ब-खुद हमारे जज्बात बयां कर देता है.
हम सभी रोजाना म्यूजिक सुनते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि वर्ल्ड म्यूजिक डे कब मनाया जाता है? इसकी शुरुआत कैसे हुई और म्यूजिक हमारे लिए किस तरह फायदेमंद हो सकता है?
वर्ल्ड म्यूजिक डे कब मनाया जाता है?
हर साल 21 जून को वर्ल्ड म्यूजिक डे मनाया जाता है. इस दिन का मकसद लोगों को म्यूजिक से जोड़ना और इसके महत्व को समझाना है. इस मौके पर जगह-जगह लाइव परफॉर्मेंस, कॉन्सर्ट और स्ट्रीट म्यूजिक शो होते हैं, ताकि हर कोई संगीत का आनंद ले सके और इसे अपनी जिंदगी का हिस्सा बना सके.
वर्ल्ड म्यूजिक डे की शुरुआत कैसे हुई?
वर्ल्ड म्यूजिक डे की शुरुआत 21 जून 1982 को फ्रांस में हुई थी. इसका मकसद था कि म्यूजिक सिर्फ बड़े मंचों तक सीमित न रहे, बल्कि हर आम इंसान तक पहुंचे. इसके लिए लोगों को सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक जगहों पर खुलकर संगीत पेश करने के लिए प्रेरित किया गया. धीरे-धीरे यह दिन पूरी दुनिया में फैल गया. आज अलग-अलग देशों में इसे अलग अंदाज में मनाया जाता है. भारत में भी इसका खास महत्व है, क्योंकि यहां कई तरह के म्यूजिक एक साथ देखने को मिलते हैं.
म्यूजिक सुनने के फायदे
- म्यूजिक सिर्फ सुनने की चीज नहीं, बल्कि महसूस करने की ताकत है. इसका असर हमारे मन और भावनाओं पर सीधे पड़ता है. कुछ गाने हमें खुश कर देते हैं.
- कुछ पुरानी यादें ताजा कर देते हैं, तो कुछ मन को शांति देने का काम करते हैं. यही वजह है कि आजकल 'म्यूजिक थेरेपी' भी काफी लोकप्रिय हो रही है, जिसमें गाना सुनना, गाना गाना या शांत धुनों के साथ रिलैक्स करना शामिल होता है.
- म्यूजिक तनाव कम करने में मदद करता है और भागदौड़ भरी जिंदगी में मन को आराम देता है. जब मूड खराब हो, तो पसंदीदा गाना सुनकर मन हल्का हो जाता है.
- इसके अलावा, स्लो म्यूजिक ध्यान और एकाग्रता बढ़ाने में भी मदद करता है, जिससे पढ़ाई या क्रिएटिव काम बेहतर तरीके से हो पाता है.
- तेज बीट वाले गाने शरीर में ऊर्जा और उत्साह भरते हैं, इसलिए लोग जिम या वर्कआउट के दौरान म्यूजिक सुनना पसंद करते हैं. वहीं, रात में स्लो म्यूजिक सुनने से दिमाग शांत होता है और अच्छी नींद आने में मदद मिलती है.
इसे भी पढ़ें: इस देश में पिताओं की संख्या क्यों हो रही है कम? जानिए असली वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं