बढ़ती उम्र के साथ बालों का सफेद होना आम बात है. लेकिन, कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके बाल उम्र से पहले ही सफेद होने लगे हैं. ऐसे में फिर इन्हें छिपाने के लिए वे तरह-तरह की हेयर डाई का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, कई बार इन डाई में मौजूद केमिकल बालों को उल्टा नुकसान पहुंचाने लगते हैं. हेयर डाई से बाल रूखे और डैमेज दिखने लगते हैं. साथ ही कुछ लोगों की स्किन पर भी डाई लगाने से रिएक्शन हो जाता है. ऐसे में यहां हम आपको सफेद बालों को काला करने के लिए कुछ नेचुरल तरीके बता रहे हैं. ये खास तरीके मशहूर आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
क्यों कम उम्र में सफेद होने लगते हैं बाल?
डॉक्टर जैदी बताते हैं, बालों का रंग मेलानिन (Melanin) नाम के पिगमेंट से आता है. हेयर फॉलिकल्स में मेलानोसाइट (Melanocyte) नाम की सेल्स होती हैं. इन सेल्स से मेलानिन बनता है. जब इन कोशिकाओं की सक्रियता कम होने लगती है तो बाल सफेद दिखाई देने लगते हैं. इसके अलावा तनाव, खराब खान-पान, नींद की कमी और पर्यावरण जैसे कई कारणों के चलते भी कम उम्र में बाल सफेद हो सकते हैं.
बालों को काला करने के नेचुरल तरीकेनंबर 1- आंवला और ब्राह्मी
आयुर्वेदिक डॉक्टर बताते हैं, आंवला और ब्राह्मी दोनों ही बालों के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. ये बालों की जड़ों को मजबूती देने के साथ-साथ बालों के नेचुरल कलर को अंदर से प्रिजर्व करते हैं. आंवला और ब्रह्मी को बराबर मात्रा में पीसकर पाउडर बना लें. आप इस पाउडर को किसी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर रख सकते हैं. डॉक्टर जैदी रोज सुबह खाली पेट 1 चम्मच इस पाउडर को गुनगुने पानी के साथ लेने की सलाह देते हैं.
नंबर 2- आंवला-रीठा-शिकाकाई-भृंगराजसलीम जैदी आगे कहते हैं, आंवला, रीठा, शिकाकाई और भृंगराज को बराबर मात्रा में मिलाकर एक पाउडर तैयार कर लें. एक चम्मच इस मिश्रण को रातभर पानी में भिगोकर रख दें. सुबह इस पानी को तब तक उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए. इसके बाद पानी को छानकर ठंडा करें और बाल धोने के लिए इस्तेमाल करें.
आयुर्वेदिक डॉक्टर कहते हैं, ये पानी नेचुरल शैंपू की तरह काम करता है. इससे आपके बाल साफ होने के साथ-साथ नरिश भी होंगे, बालों की जड़ों को पोषण मिलेगा. आप हफ्ते में 2 से 3 बार इस नुस्खे को आजमाकर देख सकते हैं. नियमित इस्तेमाल से आपको अपने बालों में फर्क नजर आ सकता है.
नंबर 3- नारियल और तिल का तेलनारियल तेल और तिल के तेल को बराबर मात्रा में लेकर हल्का गर्म करें. इसमें करी पत्ते डालकर धीमी आंच पर पकाएं. ठंडा होने के बाद तेल को छानकर कांच के जार में स्टोर कर रख लें. आप हफ्ते में 2 से 3 बार इस तेल से हल्के हाथों से स्कैल्प की मालिश कर सकते हैं.
डॉक्टर सलीम जैदी कहते हैं, इन तीनों नुस्खों को एक साथ आजमाने से बालों की जड़ों को अंदर से पोषण मिलता है. इससे सफेद बालों को नेचुरली काला करने में मदद मिल सकती है, साथ ही बाल और ज्यादा सिल्की और शाइनी भी नजर आएंगे. ऐसे में आप भी इन नुस्खों को आजमाकर देख सकते हैं. हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि नेचुरल तरीके असर दिखाने में समय लगाते हैं. इसके अलावा बालों की बेहतर देखभाल के लिए अच्छी डाइट, पर्याप्त नींद, तनाव कम करना और नियमित हेयर केयर रूटीन अपनाना भी जरूरी है.
यह भी पढ़ें- चावल के पानी से मुंह धोने से क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं