बालों को जल्दी सुखाने या स्टाइल करने के लिए हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर और कर्लिंग आयरन का इस्तेमाल काफी आम गया है. इन चीजों से बाल कुछ ही मिनटों में अच्छे और सेट दिखने लगते हैं. लेकिन इस तरह के हीटिंग टूल्स को बार-बार इस्तेमाल करने से समय के साथ बाल रूखे, बेजान और डैमेज दिखने लगते हैं. ऐसे में लोग फिर अपने बाल कटवाने पर मजबूर हो जाते हैं. हालांकि, आप चाहें तो कुछ आसान तरीके अपनाकर भी बालों को रिपेयर कर सकते हैं. अगर आप अपने बालों को कटवाना नहीं चाहते हैं, तो यहां हम आपको कुछ ऐसे ही तरीके बता रहे हैं. आइए जानते हैं-
कैसे पता चलेगा कि बाल हीट से डैमेज हुए हैं?
अगर आपके बाल सिरे से दोमुंहे हो गए हैं, बीच से टूटने लगे हैं, बाल बहुत ड्राई और खुरदरे महसूस हो रहे हैं. इसके अलावा बाल जल्दी उलझने लगते हैं. कंघी करते समय ज्यादा बाल टूटते हैं और अब बालों को स्टाइल करना मुश्किल होता है, तो समझ जाएं कि ये हीट डैमेज की वजह से हुआ है.
डैमेज बालों को कैसे करें ठीक?बालों को दें ज्यादा नमी
ज्यादा हीट देने से बालों की नमी खो जाती है. ऐसे में रिपेयर करने के लिए सबसे पहले बालों को नमी देना जरूरी है. इसके लिए हर बार शैंपू के बाद बालों पर अच्छा हेयर मास्क लगाएं या डीप कंडीशनर का इस्तेमाल करें. ऐसे प्रोडक्ट चुनें जिनमें शिया बटर, आर्गन ऑयल, नारियल तेल, एवोकाडो या एलोवेरा जैसे नमी देने वाली चीजें हों. ये बालों को मुलायम बनाने और रूखापन कम करने में मदद कर सकती हैं. अगर आपके कर्ली बाल हैं तो नमी का ध्यान रखना और भी जरूरी है.
रोज बालों में शैंपू न करेंहीट से खराब बालों को रोज शैंपू करने से बचें. बार-बार शैंपू करने से बालों में मौजूद प्राकृतिक तेल कम हो सकता है. इससे बाल और ज्यादा सूखे लग सकते हैं. शैंपू को केवल स्कैस्प और बालों की जड़ों पर लगाएं. बालों की लंबाई को जोर से रगड़ने से बचें.
हीट से बनाएं दूरीअगर बाल पहले से ही खराब हैं तो कुछ समय के लिए स्ट्रेटनर, कर्लिंग आयरन जैसे हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल कम कर दें.
केमिकल से बनाएं दूरीडैमेज बालों पर कलर या ब्लीच लगाने से बचें. इससे अलग आप घर पर ही कुछ नुस्खे आजमाकर देख सकते हैं. जैसे- बालों पर अंडा, ऐलोवेरा जेल, केले का मास्क या दही लगाया जा सकता है. ये सभी चीजें भी बालों को कुछ हद तक कंडीशन करने में मदद करती हैं. जरूरत पड़ने पर सैलून में डीप कंडीशनिंग ट्रीटमेंट भी लिया जा सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यान- इन सब से अलग बालों को बहुत टाइट बांधने से बचें.
- सोते समय बालों पर सिल्क कवर लगाना फायदेमंद हो सकता है. इससे बाल कम उलझते हैं और सुबह सुलझे हुए रहते हैं.
- गीले बाल बांधने से बचें, गीले बालों के साथ सोएं नहीं.
- गर्म पानी से बाल धोने से बचें.
- बाल सुखाते समय माइक्रोफाइबर टॉवल का इस्तेमाल करें. इससे बाल जल्दी सूखते हैं और लाइट भी महसूस होते हैं.
- अगर ड्रायर इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे बालों से कम से कम 5 इंच दूर रखें.
- स्ट्रेटनर या कर्लिंग आयरन लगाने से पहले हीट प्रोटेक्टेंट जरूर लगाएं.
इस तरह छोटी-छोटी बातों का ध्यान रख आप काफी हद तक अपने बालों को रिपेयर कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- चेहरे पर पपीते का फेस पैक लगाने से क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं