बारिश के मौसम में गर्मी, उमस और पसीने की वजह से परेशान होने लगते हैं. हवा में नमी बढ़ने के साथ-साथ पसीना और धूल-मिट्टी भी त्वचा पर जमा होने लगती है, जिसके चलते कई लोग दिन में बार-बार चेहरा धोते हैं, लेकिन क्या बार-बार चेहरा धोना सही है और दिन में कितनी बार चेहरा साफ करना चाहिए. एक्सपर्ट के मुताबिक, ज्यादातर लोगों के लिए दिन में दो बार चेहरा धोना पर्याप्त होता है. पहली बार सुबह उठने के बाद चेहरा साफ करें, ताकि रातभर त्वचा पर जमा एक्स्ट्रा तेल और गंदगी हट जाए. दूसरी बार रात को सोने से पहले चेहरा धोना चाहिए, जिससे दिनभर का पसीना, धूल, सनस्क्रीन और प्रदूषण के कण त्वचा से साफ हो जाएं.
एक्सपर्ट के मुताबिक, बार-बार चेहरा धोने से त्वचा का प्राकृतिक तेल कम हो सकता है, जिससे स्किन रूखी और संवेदनशील भी हो सकती है. इसलिए मानसून में सही फेस वॉश और सीमित क्लीनिंग रूटीन अपनाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
ऑयली स्किन वालों को क्या करना चाहिए?
अगर आपकी त्वचा ऑयली है या दिनभर में बहुत ज्यादा पसीना आता है, तो आपको चेहरा थोड़ा अधिक बार साफ करने की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में आप सिर्फ सादे पानी से चेहरा धो सकते हैं. ज्यादा पसीना आने के बाद हल्के फेस क्लींजर का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद रहता है, लेकिन ध्यान रखें कि चेहरा साफ करते समय ज्यादा रगड़ें नहीं. स्क्रब या अल्कोहल वाले क्लींजर का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि ये त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं. त्वचा को साफ और हेल्दी बनाए रखने के लिए माइल्ड क्लींजर सबसे अच्छा ऑप्शन माना जाता है.
चेहरा ज्यादा या कम धो रहे हैं कैसे पहचानें?
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, स्टेरिस हेल्थकेयर के चेयरमैन जीवन कसरा ने बताया कि अगर चेहरा धोने के बाद आपकी त्वचा में रूखापन, खिंचाव या जलन महसूस होने लगे, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आप जरूरत से ज्यादा चेहरा धो रहे हैं. हालांकि, चेहरा कितनी बार धोना चाहिए, यह आपकी स्किन टाइप पर भी निर्भर करता है. कुछ लोगों की त्वचा को दिन में कम बार सफाई की जरूरत होती है, जबकि कुछ लोगों को थोड़ा ज्यादा चेहरा साफ करना पड़ सकता है. हर स्किन टाइप की जरूरत अलग होती है.
स्किन टाइप के हिसाब से फेस क्लींजर
बारिश के मौसम में हर तरह की त्वचा के लिए एक ही फेस वॉश सही नहीं होता. अलग-अलग स्किन टाइप की जरूरतें भी अलग होती हैं, इसलिए क्लींजर चुनते समय अपनी त्वचा का ध्यान रखना जरूरी है. ऑयली और पिंपल वाली त्वचा के लिए जेल-बेस्ड क्लींजर बेहतर माने जाते हैं. ये त्वचा से अतिरिक्त तेल हटाने में मदद करते हैं और चेहरा चिपचिपा महसूस नहीं होने देते. ड्राई स्किन वाले लोगों के लिए क्रीम या लोशन-बेस्ड क्लींजर ज्यादा अच्छे होते हैं. ये त्वचा को आराम से साफ करते हैं और उसकी नमी बनाए रखने में मदद करते हैं, जिससे त्वचा रूखी नहीं होती और मुलायम बनी रहती है. वहीं, कॉम्बिनेशन स्किन के लिए माइल्ड और pH-बैलेंस्ड क्लींजर सबसे अच्छे माने जाते हैं. ये चेहरे के ऑयली हिस्सों को साफ करते हैं, जबकि गालों जैसी जगहों को जरूरत से ज्यादा ड्राई नहीं होने देते.
बार-बार चेहरा धोने के नुकसान
प्राकृतिक नमी का छीनना- बार-बार चेहरा धोने से त्वचा का कुदरती तेल खत्म हो सकता है, जिससे त्वचा चिपचिपी हो सकती है या उस पर बहुत ज्यादा तेल आ सकता है.
त्वचा का रूखा होना- नमी की कमी को पूरा करने के लिए त्वचा और अधिक तेल बनाने लगती है, जिससे समस्याएं और बढ़ जाती हैं.
इरिटेशन- अत्यधिक सफाई से स्किन बैरियर टूट सकता है, जिससे त्वचा संवेदनशील और लाल हो सकती है.
यह भी पढ़ें:- मानसून में त्वचा हो रही है बेजान, एक्सपर्ट से जानिए इसके पीछे की वजह और बचाव के तरीके
यह भी पढ़ें:- Eye Makeup Tips: आंखों को देना है खूबसूरत और अट्रैक्टिव लुक? ये 3 आसान ट्रिक्स आपके लुक में लगा देंगी चार चांद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं