विज्ञापन

बच्चों को सुलाते समय 90% पैरेंट्स करते हैं ये 4 गलती, Pediatrician ने बताया छोटे बच्चे को किस पोजीशन में और कैसे सुलाना चाहिए

छोटे बच्चे की अच्छी नींद सिर्फ आराम के लिए ही नहीं, बल्कि उसकी ग्रोथ लिए भी बहुत जरूरी होती है. हालांकि, कई बार माता-पिता बच्चे को सुलाते समय कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं. मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने ऐसी ही चार आम गलतियों के बारे में बताया है.

बच्चों को सुलाते समय 90% पैरेंट्स करते हैं ये 4 गलती, Pediatrician ने बताया छोटे बच्चे को किस पोजीशन में और कैसे सुलाना चाहिए
बच्चे को सुलाते समय न करें ये गलतियां
(Photo Credit: NDTV)

छोटे बच्चों की ग्रोथ में नींद का बड़ा योगदान होता है. बेहतर ग्रोथ के लिए अच्छी नींद बेहद जरूरी है. हालांकि, कई बार माता-पिता बच्चे को सुलाते समय कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे बच्चे को परेशानी होती है और वह ठीक तरह से सो नहीं पाता है. मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में बच्चों के डॉक्टर ने 4 ऐसी ही गलतियों के बारे में बताया है. पीडियाट्रिशियन कहते हैं, 90% पैरेंट्स बच्चे को सुलाते समय 4 आम गलतियां करते हैं, जो बच्चे की सेहत के लिए ठीक नहीं होतीं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

बच्चे को सुलाते समय न करें ये गलतियां

नंबर 1- तकिया लगाना

बहुत से लोगों को लगता है कि तकिया लगाने से बच्चा आराम से सोएगा, लेकिन छोटे बच्चों को तकिए की जरूरत नहीं होती. डॉक्टर का कहना है कि बच्चे को बिना तकिए के ही सुलाना चाहिए. तकिया बच्चे के चेहरे के पास आ सकता है, जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत हो सकती है. इसलिए बच्चे को हमेशा सीधे गद्दे पर सुलाएं.

नंबर 2- बच्चे के आसपास खिलौने या सामान रखना

अगर बच्चा पालने (क्रिब) में सोता है, तो उसके आसपास खिलौने, तकिया, रजाई, कंबल या मोटी चादर जैसी चीजें बिल्कुल न रखें. ये चीजें सोते समय बच्चे के मुंह या नाक पर आ सकती हैं. इससे बच्चे को सांस लेने में परेशानी हो सकती है. इसलिए बच्चे के सोने की जगह हमेशा साफ, खाली और सुरक्षित रखें.

नंबर 3- गलत पोजीशन में सुलाना

डॉक्टर रवि मलिक के मुताबिक, छोटे बच्चे के लिए सबसे सुरक्षित पोजीशन पीठ के बल सोना है. बच्चे को पेट के बल या उल्टा नहीं सुलाना चाहिए. 

नंबर 4- सोफे या मुलायम गद्दे पर सुलाना

कई बार माता-पिता बच्चे को सोफे या बहुत नरम गद्दे पर सुला देते हैं. डॉक्टर के अनुसार ऐसा नहीं करना चाहिए. बच्चे को हमेशा सख्त (फर्म) गद्दे पर सुलाना सबसे अच्छा माना जाता है. सख्त गद्दा बच्चे के शरीर को सही सहारा देता है और सुरक्षित नींद में मदद करता है.

डॉक्टर के मुताबिक, ये छोटी-छोटी बातें सुनने में आसान लगती हैं, लेकिन बच्चे की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी हैं. शुरुआती महीनों में बच्चा खुद अपनी पोजीशन नहीं बदल पाता है. इसलिए उसकी सुरक्षा पूरी तरह माता-पिता पर निर्भर होती है. अगर सही तरीके से सुलाया जाए और इन आसान बातों का ध्यान रखा जाए, तो बच्चा आराम से भी सोएगा और उसकी सुरक्षा भी बनी रहेगी.

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.

यह भी पढ़ें- सिर पर सफेद बाल दिखने लगें तो शुरुआत में क्या करें? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया कैसे नहीं बढ़ेंगे White Hair

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com