सुंदर, घने और हेल्दी बाल हर किसी की चाहत होती है. इसके लिए कुछ लोग महंगे-महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ कई तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है बालों में दही, अंडा, एलोवेरा, केला, मेथी या प्याज का रस लगाना. लेकिन सवाल यह है कि क्या ये तमाम चीजें बालों के लिए वाकई फायदेमंद होती हैं? इसे लेकर डर्मेटोलॉजिस्ट प्रियंका रेड्डी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ये नुस्खे कितने असरदार हैं-
बालों में दही लगाने से क्या होता है?
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, दही स्कैल्प और बालों की लंबाई दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है. यह बालों को अच्छी कंडीशनिंग देता है, जिससे बाल मुलायम महसूस होते हैं. इसके अलावा, अगर स्कैल्प में हल्की खुजली की समस्या है तो दही उसे कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकता है.
डर्मेटोलॉजिस्ट एलोवेरा को बालों के लिए सबसे असरदार घरेलू नुस्खों में से एक बताती हैं. एलोवेरा स्कैल्प की खुजली और डैंड्रफ को कम करने में मदद करता है. हालांकि, यह बालों की लंबाई पर कोई खास असर नहीं दिखाता है. आप नियमित तौर पर बालों के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन इसे बालों में बहुत देर के लिए न छोड़ें. 45 मिनट से 1 घंटे तक लगाना काफी होता है.
बालों में अंडा, केला और मेथी लगाने से क्या होता है?डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, अंडा, केला और मेथी तीनों ही बालों को अच्छी कंडीशनिंग देने का काम करते हैं. अंडा बालों को मुलायम और स्मूद बनाता है, मेथी का हेयर मास्क भी बालों की लंबाई के लिए अच्छा माना जाता है और कंडीशनिंग का फायदा देता है. वहीं, केला भी बालों को सॉफ्ट बनाने में मदद करता है, लेकिन केले को बालों से पूरी तरह निकालना थोड़ा मुश्किल होता है. कई लोगों को इसे धोने में परेशानी हो सकती है.
बालों में प्याज का रस लगाने से क्या होता है?इन सब से अलग प्याज के रस को लेकर डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, प्याज का रस काफी लोकप्रिय घरेलू नुस्खा है, लेकिन इसके फायदे सीमित हैं. प्याज का रस कुछ लोगों को फायदा पहुंचा सकता है, लेकिन इसका असर हर व्यक्ति में एक जैसा नहीं होता. इसलिए अपनी जरूरत के मुताबिक इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, घरेलू चीजें बालों की देखभाल में मदद जरूर कर सकती हैं, लेकिन ये हर समस्या का इलाज नहीं हैं. अगर आपके बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, लगातार डैंड्रफ रहता है या स्कैल्प से जुड़ी कोई गंभीर परेशानी है, तो केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
यह भी पढ़ें- LED Face Mask से क्या होता है? हफ्ते में कितने दिन और कितनी देर लगाना चाहिए? स्किन की डॉक्टर से जानें सारे जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं