आज के समय में हम किचन में फ्रिज के बिना कल्पना भी नहीं कर सकते हैं. क्योंकि पानी ठंडा रखने से लेकर दूध और सब्जियों को खराब होने से बचाने तक, फ्रिज हमारे बहुत काम आती है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि जैसे ही हम फ्रिज का दरवाजा खोलते हैं, उसमें से एक बहुत ही अजीब और गंदी बदबू आने लगती है. कई बार तो यह बदबू इतनी तेज होती है कि फ्रिज में रखा दूसरा सामान या पानी पीने का भी मन नहीं करता.
अगर आप भी इस परेशानी से हर रोज दो-चार हो रहे हैं, और महंगे-महंगे फ्रेशनर खरीदकर थक चुके हैं, तो इंस्टाग्राम (@hackwithpratima02) पर बताए इस हैक को एक बार जरूर आजमाएं. इस हैक में बेकिंग सोडा का इस्तेमाल बताया गया है.
क्यों आती है फ्रिज से बदबू?
आखिर फ्रिज से बदबू क्यों आती है. दरअसल, जब फ्रिज में कोई कटी हुई सब्जी, प्याज, लहसुन या कोई खराब हो रहा खाना काफी देर तक रखा रहता है, तो उसमें से गैसेस निकलने लगती हैं. फ्रिज बंद होने के कारण यह गंदी महक अंदर ही जमा हो जाती है और प्लास्टिक की दीवारों में समा जाती है.

फ्रिज की बदबू को दूर करने के लिए क्या करें. (Image NDTV)
बेकिंग सोडा कैसे करता है कमाल?
बेकिंग सोडा सिर्फ ढोकला या केक फुलाने के काम नहीं आता, बल्कि यह एक बेहतरीन नेचुरल क्लीनर और डिओडोराइजर भी है. बेकिंग सोडा एसिडिक और बेसिक दोनों तरह की गंदी बदबू को अपने अंदर सोख लेता है. यह बदबू को छुपाता नहीं है, बल्कि उसे हमेशा के लिए खत्म कर देता है.
बदबू दूर करने के लिए कैसे करें बेकिंग सोडा का इस्तेमाल-
- कांच या प्लास्टिक की एक छोटी, खुली हुई कटोरी लें.
- इस कटोरी में 3 से 4 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा डाल दें.
- इस कटोरी को बिना ढके फ्रिज के किसी भी एक कोने या शेल्फ पर रख दें.
- इसे ऐसे ही छोड़ दें. कुछ ही घंटों में आप नोटिस करेंगे कि फ्रिज की गंदी बदबू पूरी तरह गायब हो चुकी है.
- इस कटोरी वाले बेकिंग सोडा को हर 1 से 2 महीने में बदलते रहें, क्योंकि एक समय के बाद इसकी बदबू सोखने की क्षमता खत्म हो जाती है.
फ्रिज को हमेशा फ्रेश रखने के टिप्स-
- बेकिंग सोडा के अलावा आप एक नींबू को आधा काटकर भी फ्रिज में रख सकते हैं. इससे फ्रिज में बहुत अच्छी ताजगी भरी खुशबू आती है.
- फ्रिज में कभी भी खाना खुला न छोड़ें. लहसुन-प्याज का पेस्ट, बची हुई सब्जी या कटी हुई चीजों को हमेशा ढक्कन वाले डिब्बे में ही रखें.
- फ्रिज में कोई भी पुरानी या खराब हो रही चीज न छोड़ें. हफ्ते में एक दिन फ्रिज को अंदर से गीले कपड़े से साफ जरूर करें.
ये भी पढ़ें- महीने के आखिर में कंगाली? दिल्ली के लड़के का यह पर्सनल एक्सपीरिएंस बदल देगा आपकी सोच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं