Snake Plant Benefits : घर को खूबसूरत और हरा-भरा बनाने के लिए आजकल इनडोर प्लांट्स का चलन काफी बढ़ गया है. ये पौधे कमरे की सजावट बढ़ाने के साथ-साथ उसके वातावरण को भी शुद्ध रखने में मदद करते हैं. इन्हीं पौधों में स्नेक प्लांट (snake plant kis din lagana chahie) भी काफी लोकप्रिय है. इसकी सीधी और आकर्षक पत्तियां घर की खूबसूरती बढ़ाती हैं और इसकी खासियत यह है कि इसे बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कमरे में स्नेक प्लांट लगाकर सोना अच्छा है? आइए जानते हैं इसके फायदे और इसे रखने का सही तरीका -
कमरे में स्नेक प्लांट रखना कितना फायदेमंद?
स्नेक प्लांट को कम रोशनी वाले स्थानों में भी रखा जा सकता है. यही वजह है कि इसे बेडरूम, ऑफिस और घर के दूसरे कमरों में आसानी से लगाया जाता है. इसकी पत्तियां रात के समय भी गैसों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया करती हैं. इसका मतलब है कि जब आप सो रहे होते हैं, तब आपका स्नेक प्लांट हवा को शुद्ध कर रहा होता है और ताजी ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहा होता है. हालांकि, सिर्फ स्नेक प्लांट लगाने से कमरे की हवा पूरी तरह शुद्ध हो जाएगी या स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं खत्म हो जाएंगी, ऐसा मानना सही नहीं है. बेहतर हवा के लिए कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन भी जरूरी है.

Add image caption here
हवा को बेहतर बनाने में मददगार
स्नेक प्लांट को अक्सर प्राकृतिक एयर-प्यूरीफाइंग प्लांट के तौर पर जाना जाता है. कुछ स्टडीज में इसे घर के अंदर मौजूद कुछ प्रदूषकों को कम करने की क्षमता वाले पौधों में शामिल किया गया है. इसके अलावा कमरे में पौधे और हरियाली रखने से वातावरण ज्यादा खुशनुमा महसूस हो सकता है. यही कारण है कि कई लोग स्नेक प्लांट को बेडरूम के लिए पसंद करते हैं.
ज्यादा पानी देना पड़ सकता है भारी
स्नेक प्लांट की देखभाल करना काफी आसान है, लेकिन पानी देते समय सावधानी जरूरी है. इस पौधे को बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती. मिट्टी सूखने के बाद ही पानी देना बेहतर माना जाता है. बहुत ज्यादा पानी देने से इसकी जड़ें सड़ सकती हैं और पौधा खराब हो सकता है. इसलिए गमले में पानी निकलने की उचित व्यवस्था जरूर होनी चाहिए.
यह भी देखें : एवोकाडो की खेती किसानों को कैसे दिला रही है मुनाफा, जानिए पीएम ने क्या बताया
तेज धूप से बचाएं
स्नेक प्लांट कम रोशनी में भी अच्छी तरह बढ़ सकता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि इसे हमेशा अंधेरे कमरे में रखा जाए. पौधे को ऐसी जगह रखना बेहतर है, जहां इनडायरेक्ट या हल्की रोशनी आती हो. बहुत तेज सीधी धूप में लंबे समय तक रखने से इसकी पत्तियां प्रभावित हो सकती हैं.
बेडरूम में रखते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप कमरे में स्नेक प्लांट रखना चाहते हैं तो इसे बिस्तर से थोड़ी दूरी पर रखें और पौधे की समय-समय सफाई करते रहें. कमरे में पर्याप्त हवा का आवागमन भी बनाए रखें. इसके साथ ही अगर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो पौधे को उनकी पहुंच से दूर रखना बेहतर है.
यह भी पढ़ें- जेड प्लांट सूखने लगे तो क्या करना चाहिए? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें जेड प्लांट को मरने से कैसे बचाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं