सोशल मीडिया आज हमारी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा बन चुका है. लोगों के लिए ये एक बड़ी सुविधा भी है. यहां हर कोई अपनी बात आसानी से रख सकता है. अपने सुख और दुख शेयर कर सकता है, साथ ही किसी मुद्दे पर अपनी खुलकर राय भी दे सकता है. लेकिन कई लोग इस सुविधा का गलत फायदा भी उठाने लगे हैं. खासकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के मामले आज के समय में बहुत आम हो गए हैं. ट्रोलर्स आम लोगों या सेलिब्रिटीज के लुक्स, उनके पहनावे, उम्र और निजी जिंदगी को लेकर भद्दे कमेंट करते हैं. कई बार ये ट्रोलिंग इतनी बढ़ जाती है कि सेलिब्रिटीज को खुद सामने आकर बताना पड़ता है कि इन भद्दे कमेंट्स का उनकी मेंटल हेल्थ पर कितना खराब असर पड़ता है. अब, टीवी एक्ट्रेस और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बॉडी शेमिंग और पर्सनल कमेंट करने वालों को सलाह दी है.
स्मृति ईरानी ने शेयर किया वीडियो
स्मृति ईरानी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वे अपने शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के को-स्टार्स गौरी प्रधान, रावी गुप्ता और रितु चौधरी सेठ के साथ नजर आ रही हैं. वीडियो में स्मृति ईरानी लोगों से कहती हैं, 'किसी के बारे में अच्छा नहीं बोल सकते तो बुरा मत बोलो. हमारी नहीं तो कम से कम सलमान खान की सुन लो. अच्छा बोलो, अच्छा लगेगा.'
वीडियो के साथ स्मृति ईरानी ने एक लंबा कैप्शन भी लिखा. उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया ने लाखों लोगों को अपनी बात रखने का मौका दिया है. लेकिन कुछ लोगों ने इस आजादी को दूसरों को चोट पहुंचाने या उनका अपमान करने का लाइसेंस मान लिया है. खासकर सेलिब्रिटीज और दूसरे पब्लिक फिगर्स से कहा जाता है कि अगर आप लोगों के सामने हैं तो आपको ट्रोलिंग भी सहनी पड़ेगी. ये आपकी लाइफ, आपके काम या आपकी फील्ड का हिस्सा है. सहन करो या चुप रहो. लेकिन क्या ऐसा होना चाहिए?'
'पब्लिक लाइफ में आने का मतलब अपनी गरिमा या सम्मान के अधिकार को छोड़ना क्यों होना चाहिए? किसी से यह उम्मीद क्यों की जाए कि वह चुपचाप बेइज्जती सहता रहे? सिर्फ इसलिए कि बेइज्जती करने वाला किसी बॉट की आड़ में छिपा है, किसी गुमनाम हैंडल का इस्तेमाल कर रहा है, या फिर इतना बेखौफ है कि अपने असली नाम से ही ऐसा कर रहा है? 'मेरा हैंडल, मेरा ओपिनियन' किसी को क्रूर होने की छूट नहीं देता या क्रूरता को छिपाने का बहाना नहीं बन सकता.'
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'पब्लिक लाइफ में रहने वाले लोगों को भी सम्मान और गरिमा के साथ जीने का अधिकार है. किसी से असहमत होना गलत नहीं है. अगर किसी की बात पसंद नहीं आती तो उस पर सवाल किया जा सकता है, बहस की जा सकती है और उसकी आलोचना भी की जा सकती है. लेकिन आलोचना के नाम पर अपमान करना सही नहीं है. हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि स्क्रीन के दूसरी तरफ भी एक इंसान है'
उन्होंने आगे कहा, 'शब्द टाइप करने में सिर्फ कुछ सेकंड लगते हैं, लेकिन उनका असर बहुत लंबे समय तक रहता है. इसलिए दयालु बनें.'
यहां देखें पोस्ट-
यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? एक्सपर्ट ने बताया फ्री में पौधा हो जाएगा घना, बस कर लें काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं