विज्ञापन

कड़ी पत्ते का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया फ्री में पौधा हो जाएगा घना, बस कर लें ये काम

गार्डनिंग एक्सपर्ट सूरज अग्रवाल ने कड़ी पत्ते के पौधे की देखभाल करने और सूखते पौधे को फिर से हरा-भरा बनाने के कुछ तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

कड़ी पत्ते का पौधा सूख रहा है तो क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया फ्री में पौधा हो जाएगा घना, बस कर लें ये काम
कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें?
(Photo Credit: NDTV)

गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अपने घरों में कड़ी पत्ते का पौधा जरूर लगाते हैं. कड़ी पत्ता खाने का जायका बढ़ाने में भी काम आता है, साथ ही इसे सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. लेकिन कई बार पौधे की ग्रोथ एक जगह आकर रुक जाती है या पौधे में पत्तियां कम आने लगती हैं. अगर आपके पौधे के साथ भी ऐसा कुछ हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट सूरज अग्रवाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने कड़ी पत्ते के पौधे की देखभाल करने और सूखते पौधे को फिर से हरा-भरा बनाने के कुछ तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

कड़ी पत्ते की पत्तियां कैसे तोड़ें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, कड़ी पत्ते के पौधे से पत्तियां तोड़ते समय हमेशा पूरी डंठल या तने के साथ पत्तियों को नीचे से काटना चाहिए. केवल पत्तियों को खींचकर तना पौधे में नहीं छोड़ना चाहिए. पौधे से केवल पत्तियां तोड़ने से खाली डंठल या तना पौधे पर ही रह जाता है, जो बाद में सूख जाता है और पौधे की ग्रोथ रोक देता है. इसलिए हमेशा तने के साथ ही पत्तियों को तोड़ें.

कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें?

एक्सपर्ट बताते हैं, अगर आपका कड़ी पत्ते का पौधा लंबा तो हो रहा है लेकिन घना नहीं है, तो ऊपर से इसकी हल्की कटिंग करें. आप पौधे की लंबाई के हिसाब से ऊपर से करीब आधा से एक इंच हिस्सा काट सकते हैं. इससे नीचे की तरफ से नई शाखाएं निकलने लगती हैं और पौधा धीरे-धीरे घना होने लगता है. कटिंग के बाद पौधे को खाद जरूर दें. 

कड़ी पत्ते के पौधे को कौन-सी खाद दें?

पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए एक्सपर्ट गोबर की खाद देने की सलाह देते हैं. इसके लिए पहले गोबर को अच्छी तरह सूखा लें. इसके बाद इसे पानी में भिगोकर रख दें. अगले दिन आप इस पानी को अपने पौधे में डाल सकते हैं. 

कड़ी पत्ते के पौधे को कीड़ों से कैसे बचाएं?

एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपके पौधे पर कीड़े लग गए हैं, तो इसके लिए आप एलोवेरा का इस्तेमाल कर सकते हैं. एलोवेरा एक नेचुरल एंटीसेप्टिक, एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल एजेंट की तरह काम करता है और पौधों को कीड़ों और बीमारियों से बचाने में मदद कर सकता है. इसके लिए एलोवेरा का पल्प निकालकर पीस लें. इस पल्प को पानी में मिलाएं और साथ में एक चम्मच चाय पत्ती भी डाल लें. इस मिश्रण को रातभर के लिए ऐसे ही थोड़ दें. अगले दिन आप इस पानी को पौधे की मिट्टी में डाल सकते हैं. साथ ही छानकर पौधे की पत्तियों पर स्प्रे भी कर सकते हैं. इससे पौधे की ग्रोथ भी अच्छी होगी, साथ ही पौधे पर कीड़े भी नहीं लगेंगे. 

एलोवेरा वाले घोल और गोबर के पानी को एक साथ इस्तेमाल न करें. आप एक-एक दिन के गैप में पौधे के लिए इनका इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन बहुत ज्यादा मात्रा में भी खाद देने से बचें. 

धूप का भी रखें ध्यान

इन सब से अलग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपका पौधा हरा-भरा रहे और इसकी पत्तियां सूखे नहीं, तो इसके लिए पौधे को सही धूप देना बहुत जरूरी है. पौधे को ऐसी जगह रखें जहां सुबह या शाम की करीब 2 से 3 घंटे धूप मिले. दोपहर की तेज धूप से इसे बचाना बेहतर है. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर और सही देखभाल कर आप अपने कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना बना सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- 8 हफ्तों में घर पर टमाटर कैसे उगाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया टमाटर के पौधे की ग्रोथ बढ़ाने के लिए क्या करें
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com