इस मौसम में मच्छरों का बढ़ जाना एक आम परेशानी है. शाम होते ही कमरों, रसोई और बालकनी में मच्छर घूमने लगते हैं. कई बार मच्छर इतने बढ़ जाते हैं कि किसी जगह बैठना तक मुश्किल हो जाता है. अब, ऐसे में लोग
तरह-तरह के स्प्रे या कॉइल का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन आप चाहें, तो एक आसान सा घरेलू नुस्खा आजमाकर भी मच्छरों से छुटकारा पा सकते हैं. इंटरनेट पर्सनैलिटी पूनम देवनानी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने प्याज से मच्छर भगाने का आसान नुस्खा बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
कैसे भगाएं मच्छर?
- इसके लिए थोड़े नीम के सूखे पत्ते, प्याज के छिलके, लहसुन के छिलके, 4-5 लौंग, 2 तेज पत्ता और थोड़ा कपूर लेकर सभी चीजों को पीस लें.
- आप चाहें, तो इन्हें मिक्सर में डालकर थोड़ा बारीक पाउडर भी बना सकते हैं.
- अब, एक बड़ी प्याज लें और उसे बीच से खोखला कर लें.
- प्याज के बीच में थोड़ा सरसों का तेल भरें, फिर इसमें थोड़ा तैयार पाउडर डाल लें.
- अब, प्याज के अंदर रूई की एक बत्ती बनाकर रखें और इसे जला लें.
- आप इस प्याज के दीपक को हर उस जगह रख सकते हैं, जहां आपको मच्छर नजर आते हैं.
पूनम देवनानी बताती हैं, जलती हुई प्याज की तेज गंध और तैयार मिश्रण की गंध से मच्छर उसके आसपास भी नहीं आएंगे. ऐसे में आप भी ये नुस्खा आजमाकर देख सकते हैं. इसके अलावा घर में पानी जमा न होने दें. कूलर, गमले, बाल्टी और पानी की टंकियों को समय-समय पर साफ करते रहें, साथ ही शाम के समय खिड़कियों और दरवाजों को बंद रखें. इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर और आसान से नुस्खे की मदद से आप मच्छरों से छुटकारा पा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- टमाटर-प्याज की चटनी कैसे बनाएं? जानें खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं