पुरानी साड़ी का नाम सुनते ही अक्सर दिमाग में अलमारी के किसी कोने में रखे उन कपड़ों की तस्वीर आती है, जिन्हें सालों से पहना नहीं गया, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही पुरानी साड़ियां आपके घर की सजावट को एक नया और शानदार अंदाज दे सकती हैं. भारतीय घरों में साड़ी सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि यादों और भावनाओं का हिस्सा होती है. समय के साथ भले ही उसकी चमक थोड़ी कम हो जाए, लेकिन उसका खूबसूरत फैब्रिक और डिजाइन अब भी घर को सजाने के काम आ सकता है. अगर आप कम बजट में अपने घर को एथनिक, स्टाइलिश और लग्जरी लुक देना चाहते हैं, तो पुरानी साड़ियों का स्मार्ट इस्तेमाल एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
पर्दों से बदल दें कमरे का पूरा माहौल
करीब 6 मीटर लंबी साड़ी से बेहद खूबसूरत पर्दे तैयार किए जा सकते हैं. सिल्क, कॉटन या नेट की साड़ियां कमरे को अलग ही आकर्षण देती हैं. नेट वाली साड़ियों से हल्के और जालीदार शीयर कर्टेन भी बनाए जा सकते हैं, जो घर को मॉडर्न और क्लासी लुक देते हैं.
डाइनिंग एरिया को दें नया स्टाइल
सालों से रखी साड़ी को टेबल कवर में बदलकर डाइनिंग स्पेस को नया रूप दिया जा सकता है. साड़ी को टेबल के आकार के हिसाब से काटकर उस पर ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक लगवा लें. इससे सफाई भी आसान रहेगी और टेबल कवर लंबे समय तक नया जैसा दिखेगा.
कुशन कवर से बढ़ाएं घर की खूबसूरती
साड़ियों के रंग, डिजाइन और बॉर्डर कुशन कवर पर बेहद आकर्षक लगते हैं. खासकर राजस्थानी या गुजराती थीम वाले होम डेकोर में ऐसे कुशन घर को ट्रेडिशनल और रॉयल फील देते हैं. आप अपनी पसंद की लेस या सजावटी बॉर्डर भी जोड़ सकते हैं.
दीवारों को बनाएं आर्ट गैलरी
हैंडपेंटेड, खादी या खूबसूरत प्रिंट वाली साड़ियों के छोटे-छोटे हिस्सों को फ्रेम में लगाकर शानदार वॉल आर्ट तैयार किया जा सकता है. ये तरीका घर को एक यूनिक और क्रिएटिव पहचान देता है. मेहमानों का ध्यान भी सबसे पहले इसी सजावट पर जाता है.
स्टोरेज बास्केट भी बन सकती है खास
पुरानी साड़ियों से स्टोरेज बास्केट तैयार करना भी शानदार आइडिया है. मजबूत कार्डबोर्ड पर साड़ी का कपड़ा चढ़ाकर खूबसूरत बास्केट बनाई जा सकती है. इसमें छोटे सामान रखने के साथ-साथ घर की सजावट भी बेहतर हो जाती है.
आज के दौर में अपसाइक्लिंग सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि स्मार्ट लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुकी है. ऐसे में पुरानी साड़ियों को नया रूप देकर आप न सिर्फ घर को खूबसूरत बना सकते हैं, बल्कि उनसे जुड़ी यादों को भी हमेशा अपने करीब रख सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: हिमाचल के ये 5 छुपे गांव देंगे सुकून का असली एहसास, भीड़-भाड़ से दूर मिलेगा जन्नत जैसा नजारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं