दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए युवा और छात्र आंदोलन के बाद 'Gen Z' काफी चर्चा में हैं. इनके साथ ही इनकी भाषा भी खूब सूर्खियां बटोर रही है. Gen Z अपनी बातचीत में कई ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें मिनेलियल्स (Millennials) या जनरेशन वाई के लोगों के लिए समझना काफी मुश्किल हो जाता है. ऐसे ही कुछ शब्द हैं- Rage Bait, Parasocial, Looksmaxxing और Aura Farming. आपने भी कहीं न कहीं ये शब्द जरूर सुने होंगे. लेकिन क्या आप इनका मतलब जानते हैं? अगर नहीं तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. आइए आसान भाषा में जानते हैं इन शब्दों का अर्थ, ताकि आपको अगली बार Gen Z की भाषा समझने में उतनी परेशानी न हो-
Parasocial का मतलब
मान लीजिए आप किसी सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर, फिल्मी किरदार या किसी AI कैरेक्टर को बहुत पसंद करते हैं. आप उसके बारे में बहुत कुछ जानते हैं और आपको लगता है कि उससे आपका खास रिश्ता है. आप सोशल मीडिया पर रोज उसकी पोस्ट देखते हैं, इन पोस्ट के जरिए आपको पता है कि उन्हें क्या पसंद है और क्या नहीं. साथ ही आपको उनसे जुड़ी हर चीज याद रहती है. जबकि दूसरी तरफ वह व्यक्ति आपको जानता तक नहीं है.
इसी तरह के एकतरफा जुड़ाव को Parasocial कहा जाता है. हालांकि, यह शब्द नया नहीं है. साल 1956 में Donald Horton और R. Richard Wohl ने 'Parasocial Interaction' शब्द का इस्तेमाल किया था. उस समय टीवी और दूसरे मीडिया के जरिए लोगों के मन में पब्लिक फिगर्स के साथ एकतरफा जुड़ाव बनने की बात सामने आई थी.
Looksmaxxing का मतलब क्या है?Looksmaxxing दो शब्दों से बना है- Looks यानी लुक और Maximizing यानी ज्यादा से ज्यादा बेहतर करना. इसका मतलब है जितना हो सके अपने लुक्स को बेहतर से बेहतर बनाने की कोशिश करना. इसमें हेयरस्टाइल, स्किनकेयर, फिटनेस, कपड़े और ग्रूमिंग जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं.
Aura Farming का मतलबअब बात करते हैं Aura Farming की. यहां Aura का मतलब किसी व्यक्ति की वाइब, पर्सनैलिटी या प्रेसेंस से है. आसान शब्दों में कहें तो जब कोई व्यक्ति अपने बात करने, चलने या किसी काम को करने के तरीके से इतना कॉन्फिडेंट और खास लगता है कि लोग उसकी तरफ ध्यान देने लगते हैं, तो इसे Aura कहा जा सकता है.
Aura Farming का मतलब है अपनी इसी वाइब और कॉन्फिडेंस को बढ़ाना. यानी अगर कोई व्यक्ति बिना ज्यादा बोले भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है, तो Gen Z की भाषा में कहा जा सकता है कि उसका Aura बहुत स्ट्रॉन्ग है.
Rage Bait किसे कहते हैं?सोशल मीडिया पर कई बार ऐसी पोस्ट या वीडियो दिखाई देती हैं जिन्हें देखकर आपको तुरंत गुस्सा आ जाता है. आप कमेंट करने लगते हैं, दोस्तों को भेजते हैं या उस पोस्ट पर बहस शुरू कर देते हैं. अगर कोई कंटेंट जानबूझकर लोगों को गुस्सा दिलाने के लिए बनाया गया हो, ताकि ज्यादा व्यूज, लाइक्स, कमेंट्स और शेयर्स मिलें, तो इसे Rage Bait कहते हैं. Oxford English Dictionary ने साल 2025 में Rage Bait को 'Word of the Year' चुना था. इसके बाद से ये शब्द और ज्यादा चर्चा में आया.
अब अगली बार जब कोई Gen Z इन शब्दों का इस्तेमाल करेगा, तो आपको बातचीत समझने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी.
यह भी पढ़ें- कपड़ों से Pen के निशान कैसे साफ करें? महंगी शर्ट पर लग गया पेन का दाग तो ट्राई करें ये आसान ट्रिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं