ज्यादातर लोग अपने चश्मे को साफ करने के लिए वही चीज इस्तेमाल कर लेते हैं, जो उस समय पास में हो, जैसे शर्ट का कोना, टिशू पेपर या कोई भी क्लीनिंग स्प्रे, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि आजकल के ज्यादातर चश्मों के लेंस पर एक खास एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग होती है, जो चमक और रिफ्लेक्शन को कम करने में मदद करती है. यह कोटिंग काफी नाजुक होती है और गलत तरीके से सफाई करने पर आसानी से खराब हो सकती है. एक बार यह कोटिंग उतर जाए या उस पर खरोंच आ जाए, तो इसे ठीक नहीं किया जा सकता. ऐसे में नया लेंस लगवाने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचता. इसलिए चश्मा साफ करते समय इन 5 आम गलतियों से बचना जरूरी है.
सिरका और दूसरे एसिडिक घरेलू क्लीनर
इंटरनेट पर अक्सर सिरके को चश्मा साफ करने का आसान और नेचुरल तरीका बताया जाता है, लेकिन यह आपके लेंस के लिए नुकसानदायक हो सकता है. सिरके में मौजूद एसिड चश्मे की एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग को धीरे-धीरे खराब कर सकता है. कुछ लोग तो खराब कोटिंग हटाने के लिए जानबूझकर चश्मे को सिरके में भिगोते भी हैं, जिससे कोटिंग नरम होकर निकल जाती है. ऐसे ही नींबू का रस और दूसरे एसिड वाले घरेलू क्लीनर भी लेंस को नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए इनसे बचना बेहतर है.
पेपर टॉवल, टिशू या नैपकिन
टिशू, पेपर टॉवल और नैपकिन देखने में मुलायम लगते हैं, लेकिन इनमें मौजूद रेशे लेंस पर खरोंच डाल सकते हैं. अगर लेंस पर पहले से धूल या छोटे कण मौजूद हों, तो ये कण रगड़ खाने से कोटिंग को और ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. बार-बार ऐसा करने से लेंस पर खरोंचें पड़ जाती हैं और उसकी चमक कम होने लगती है. इसलिए चश्मा साफ करने के लिए हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें.
शर्ट या किसी भी कपड़े से चश्मा साफ करना
चश्मे पर लगे दाग को हटाने के लिए शर्ट का किनारा इस्तेमाल करना बहुत आम आदत है, लेकिन आंखों के एक्सपर्ट इसे सही नहीं मानते. कपड़ों पर दिनभर की धूल और छोटे कण चिपके रहते हैं. जब आप सूखे कपड़े से लेंस रगड़ते हैं, तो ये कण लेंस और उसकी कोटिंग पर बारीक खरोंच डाल सकते हैं. अगर कभी और कोई विकल्प न हो, तो पहले लेंस को साफ पानी से धो लें. इससे धूल हट जाएगी और नुकसान का खतरा कम होगा.
ग्लास क्लीनर, अमोनिया या अल्कोहल वाले स्प्रे
खिड़कियों और शीशों की सफाई के लिए बने क्लीनर चश्मे के लिए सही नहीं होते. इनमें अक्सर अमोनिया और दूसरे तेज केमिकल होते हैं, जो लेंस की एंटी-रिफ्लेक्टिव और अन्य खास कोटिंग्स को नुकसान पहुंचा सकते हैं. वहीं, अल्कोहल वाले स्प्रे बार-बार इस्तेमाल करने पर पोलराइज्ड सनग्लासेस की परत को भी खराब कर सकते हैं. चश्मा साफ करने के लिए बेहतर है कि आप खास आईग्लास क्लीनिंग स्प्रे या हल्के डिश सोप और पानी का इस्तेमाल करें.
गर्म पानी
कई लोगों को लगता है कि गर्म पानी से चश्मा ज्यादा अच्छी तरह साफ होगा, लेकिन ऐसा नहीं है. ज्यादा गर्म पानी कुछ लेंसों की बनावट और उनकी कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकता है. इसका असर तुरंत न दिखे, लेकिन समय के साथ लेंस खराब होने लगते हैं. इसलिए चश्मा धोने के लिए हमेशा हल्का गुनगुना या सामान्य तापमान वाला पानी इस्तेमाल करना सबसे सेफ ऑप्शन है.
यह भी पढ़ें:- क्या आपकी जॉलाइन नहीं दिखती शार्प? एक्सपर्ट से जानिए कैसे ठुड्डी की बनावट भी बदल सकती है पूरे चेहरे का लुक
यह भी पढ़ें:- DIY स्किनकेयर में न करें ये 4 गलतियां, ये घरेलू कॉम्बिनेशन आपकी त्वचा को पहुंचा सकते हैं नुकसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं