मनी प्लांट एक ऐसा पौधा है, जो ज्यादातर लोगों के घर में होता ही है. ये पौधा न केवल दिखने में सुंदर लगता है, बल्कि इसे घर में रखना अच्छा भी माना जाता है. इसके अलावा इस पौधे की देखभाल करना भी आसान होता है. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि उनका मनी प्लांट का पौधा बढ़ नहीं रहा है, पौधे पर कम पत्तियां आ रही हैं या मनी प्लांट की पत्तियां जल्दी पीली पड़ जाती हैं और फिट टूटकर गिर जाती हैं. अगर आपके पौधे का भी कुछ ऐसा हाल है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर मशहूर गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने मनी प्लांट की ग्रोथ बढ़ाने और इस पौधे पर ज्यादा पत्तियां लाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
मनी प्लांट के पौधे को बड़ा कैसे करें?
गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपका मनी प्लांट बढ़ नहीं है, तो इसे सही खाद देने की जरूरत है. अक्सर लोग सोचते हैं कि मनी प्लांट को खाद की जरूरत नहीं होती है. लेकिन लंबे समय तक एक ही मिट्टी में रहने से पौधे के पोषक तत्व कम हो सकते हैं. इससे पत्तियां छोटी होने लगती हैं, उनका रंग फीका पड़ जाता है और नई शाखाएं निकलना कम हो जाता है. ऐसे में बाकी पौधों की तरह ही मनी प्लांट को भी खाद देना चाहिए.
मनी प्लांट के पौधे में कौन सा खाद डालें?एक्सपर्ट बताते हैं, इस पौधे के लिए आप घर पर ही खाद तैयार कर सकते हैं. आप केले के छिलकों से खाद बनाकर मनी प्लांट की मिट्टी में डाल सकते हैं. इसके लिए केले के छिलकों को सुखाकर छोटे टुकड़ों में काटें. इसके बाद इन्हें मिक्सर जार में डालकर पीस लें. इस खाद का इस्तेमाल बहुत ज्यादा मात्रा में करने की जरूरत नहीं है. करीब 8 से 10 इंच के गमले के लिए एक टेबलस्पून केले के छिलके का पाउडर काफी होता है.
मनी प्लांट में केले के छिलके का खाद डालने से क्या होता है?तरुण चोपड़ा बताते हैं, केले के छिलके से तैयार खाद में पोटैशियम अच्छी मात्रा में होता है, जो पौधों के पोषण में मदद करता है. पोटैशियम मनी प्लांट की पत्तियों को हरा बनाए रखता है, साथ ही इससे मनी प्लांट पर ज्यादा पत्तियां आती हैं और ये पत्तियां बड़ी-बड़ी होती हैं.
मनी प्लांट में चायपत्ती का फर्टिलाइजर डालने से क्या होता है?गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, आप अपने पौधे में चायपत्ती का फर्टिलाइजर बनाकर डाल सकते हैं. इसके लिए चाय पत्ती को एक छन्नी में लेकर पानी से अच्छी तरह धो लें. ध्यान रखें कि चायपत्ती में दूध या चीनी नहीं होनी चाहिए. इसके बाद धुली हुई चाय पत्ती को तेज धूप में एक से दो दिन तक अच्छी तरह सुखा लें. पूरी तरह सूखने के बाद यह पौधों के लिए इस्तेमाल करने लायक तैयार हो जाएगी.
चाय पत्ती के फर्टिलाइजर में नाइट्रोजन की अच्छी मात्रा होती है. नाइट्रोजन मनी प्लांट के पत्तों को मोटा बनाने में मदद करता है, साथ ही इससे भी पौधे पर ज्यादा पत्तियां आती हैं.
मनी प्लांट के पौधे में चावल का पानी डालने से क्या होता है?गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, मनी प्लांट की ग्रोथ बढ़ाने के लिए आप इसमें चावल का पानी डाल सकते हैं. चावल धोने के पानी को चार गुना साफ पानी में मिलाकर 15 से 20 दिन के अंतर पर पौधे में डाल दें. इससे पौधे की ग्रोथ तेजी से बढ़ सकती है.
ये चीजें भी आएंगी काम- इन सब से अलग आप अपने पौधे में अंडे को उबालने के बाद जो पानी बच जाता है, उसे चार गुना साफ पानी में मिलाकर डाल सकते हैं.
- आप अपने पौधे में एप्सप सॉल्ट को पानी में मिलाकर डाल सकते हैं. इससे पौधे की जड़ें मजबूत होती हैं और पौधा तेजी से ग्रो करता है.
- इन सब से अलग आप अपने पौधे में वर्मी कंपोस्ट डाल सकते हैं. एक्सपर्ट के मुताबिक, आप हर 30 से 40 दिन में 12 इंच के गमले में करीब 100 से 150 ग्राम वर्मी कंपोस्ट डाल सकते हैं.
- मनी प्लांट को तेज सीधी धूप से बचाएं और ऐसी जगह रखें, जहां अच्छी लेकिन छनकर आने वाली रोशनी मिले.
- मिट्टी में जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. गमले की प्लेट में पानी जमा हो तो उसे हटा दें, क्योंकि इससे जड़ें सड़ सकती हैं.
- इन सब से अलग पत्तियों पर जमी धूल को हफ्ते में एक बार पानी से साफ जरूर करें.
इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने मनी प्लांट की ग्रोथ को तेज कर सकते हैं और पौधे पर ज्यादा पत्तियां ला सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते के पौधे पर ज्यादा पत्ते कैसे लाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे बनाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं