54 साल की एक्ट्रेस और फैशन मॉडल लीजा रे को उनकी शानदार एक्टिंग से जाना जाता है. हाल ही में उन्होंने बताया कि 50s में उनकी फिटनेस को लेकर सोच पूरी तरह से बदल गई है. उनके लिए फिट रहने का मतलब सिर्फ अच्छे लुक्स और बॉडीशेप नहीं है, बल्कि उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में स्ट्रॉन्ग, एक्टिव और हेल्दी रहना है. Lisa Ray के मुताबिक वह ऐसी फिटनेस चाहती हैं जो उन्हें अपनी रोज की एक्टिविटी आसानी से करने में मदद करे. साथ ही वे चाहती हैं कि जरूरत पड़ने पर अपना सूटकेस खुद उठा सकें, पहाड़ी पर चढ़ सकें और जब मन करे तब डांस कर सकें.
Lisa Ray के लिए फिटनेस रूटीन में क्या है सबसे जरूरी?
लीजा रे ने ये भी बताया कि फिट रहने के लिए वह हेल्दी खाना खाती हैं, भरपूर नींद लेती हैं और नियमित रूप से सक्रिय रहने की कोशिश करती हैं. उनका मानना है कि कंसिस्टेंसी ही उनके फिटनेस रूटीन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है. साथ ही उन्होंने अपने 50s में ये भी जाना कि जितनी ज्यादा जरूरी एक्सरसाइज है, उतना ही जरूरी शरीर को आराम और रिकवरी के लिए समय देना है. अब वह पहले की तरह हार्ड वर्कआउट करने की जगह अपने शरीर की जरूरतों के अनुसार अपनी फिटनेस रूटीन को अपनाने पर ध्यान देती हैं.
50s में कैसे बदली फिटनेस?
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में लीजा रे ने कहा, '50s की उम्र में मेरी फिटनेस पहले से बहुत अलग दिखती है. अगर मुझे इसे दो बातों में समझाना हो, तो पहली बात यह है कि पहले मैं अपने शरीर पर ज्यादा से ज्यादा दबाव डालने पर सेलिब्रेट करती थी. अब मैं अपने शरीर की बात बेहतर तरीके से सुनती हूं. दूसरी बात है कंसिस्टेंसी. यह तब आसान हो जाती है, जब आप उस शरीर के लिए एक्सरसाइज करना छोड़ देते हैं जो कभी आपका था, और उस जिंदगी के लिए ट्रेनिंग शुरू करते हैं जिसे आप आगे भी जीना चाहते हैं.'
Lisa Ray ने आगे कहा, 'मैं भविष्य में भी डांस करती रहना चाहती हूं, नई जगहों को एक्सप्लोर करना चाहती हूं, ट्रैवल करना चाहती हूं, अपना सामान खुद उठाना चाहती हूं और सबसे जरूरी, हड्डियां टूटने जैसी परेशानियों से बचना चाहती हूं. लेकिन मिडल एज की फिटनेस का एक पहलू ऐसा है, जिसके बारे में हम ज्यादा बात नहीं करते. वो है एक्सेप्टेंस. खुद को स्वीकार करना हार मानना नहीं है. मैंने ये एक्सेप्ट कर लिया है कि मेरा शरीर चेंज हो गया है, मेरा फेस चेंज हो गया है और मैं भी बदल गई हूं. मैं इन बदलावों से लड़ नहीं रही हूं. बल्कि मैं अपने शरीर के साथ मिलकर आगे बढ़ रही हूं, उसकी बात पहले से बेहतर सुन रही हूं, उसे पहले से ज्यादा प्यार कर रही हूं..'
यह भी पढ़ें: रूखे-बेजान बालों को बनाना है कर्ली और बाउंसी? अपनाएं ये 3 आसान हेयर केयर टिप्स
यह भी पढ़ें: सुबह 4 किमी, लंच के बाद 2 किमी और डिनर के बाद 5 किमी वॉक... 42 साल के शख्स ने यूं घटाया 20 किलो वजन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं