Weight Loss Journey: वजन कम करना किसी चुनौती से कम नहीं लगता है. कई लोग वेट लॉस के लिए घंटों तक जिम में पसीना बहाते हैं, तो कुछ अपने लाइफस्टाइल और डाइट में काफी बदलाव कर देते हैं. वहीं, अगर कुछ खराब आदतें सालों तक रुटीन में रहीं हो तो वेट लॉस और भी ज्यादा मुश्किल हो जाता है. आज हम आपको मुंबई में एचडीएफसी बैंक में सीनियर मैनेजर के तौर पर काम करने वाले 42 साल के मुंदर पाटिल के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके लिए एक हेल्थ चेकअप उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट बन गया और उन्हें अपनी लाइफस्टाइल पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया.
अनहेल्दी डाइट और कम फिजिकल एक्टिविटी
सितंबर 2025 से पहले मुंदर की लाइफस्टाइल कई सालों से काफी अनहेल्दी थी. करीब 15 से 20 सालों तक उन्होंने खाने-पीने और फिटनेस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, जिसकी वजह से उनका वजन बढ़कर लगभग 96.5 किलो पहुंच गया था. उनकी रोजाना की डाइट में रोटी, चावल, मिठाइयां, आइसक्रीम, बर्गर, पिज्जा और बाहर का खाना शामिल रहता था. साथ ही उनका न तो खाना खाने का टाइम फिक्स था और फिजिकल एक्टिविटी भी काफी कम थी. इसके अलावा मुंदर को 13-14 साल से बीपी की दवाइयां भी लेनी पड़ ही थीं.
NDTV से बातचीत के दौरान मुंदर पाटिल ने बताया, "सितंबर 2025 में परिवार और दोस्तों के बोलने बाद मैंने अपना फुल बॉडी हेल्थ चेकअप कराया. रिपोर्ट मेरे लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं थी. मेरा HbA1c 7.4 था और लिपिड प्रोफाइल भी एबनॉर्मल आया. इसके बाद कराए गए 2D इको और एंजियोग्राफी में पता चला कि मेरी एक आर्टरी में करीब 60% ब्लॉकेज हैै. रिपोर्ट देखने के बाद मेरे कार्डियोलॉजिस्ट ने जरूरी दवाएं शुरू कीं और साथ ही मुझे अपने लाइफस्टाइल में बड़े बदलाव करने की सख्त सलाह दी".

सुबह 4 किमी, लंच के बाद 2 किमी और डिनर के बाद 5 किमी वॉक
इसके आगे मुंदर ने बताया कि उन्होंने लाइफस्टाइल में बदलाव किया. उन्होंने सबसे पहले चीनी, मिठाइयां, मैदा, जंक फूड और बाहर का खाना पूरी तरह छोड़ दिया. इसके साथ ही डाइट फॉलो करना शुरू किया और रोजाना वॉक करने की आदत बना ली. वे सुबह 4 किलोमीटर, दोपहर के खाने के बाद 2 किलोमीटर और रात के खाने के बाद 5 किलोमीटर वॉक करते थे. इसके अलावा उन्होंने नियमित रूप से सीढ़ियों का इस्तेमाल करना भी शुरू कर दिया. इसी तरह मुंदर ने धीरे-धीरे अपनी रोजमर्रा की आदतों में बदलाव किया.
वेट लॉस के बाद दिखा काफी बदलाव
20 किलो से ज्यादा वजन कम करने के बाद मुंदर पाटिल ने अपने जीवन में काफी बदलाव देखा. उनका कहना है कि अब वे खुद को पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा एनर्जेटिक, एक्टिव और कॉन्फिडेंट महसूस करते हैं. सबसे अच्छी बात यह रही कि उनकी सेहत में इतना सुधार हुआ कि डॉक्टरों ने उनकी प्रोगैस को देखकर ज्यादातर दवाइयां भी बंद कर दीं.
किन आदतों को कहा बाय?
मुंदर बताते हैं कि अब उनकी खाने-पीने की आदतें पूरी तरह बदल चुकी हैंं. पहले जहां वे जंक फूड, मिठाइयां और बाहर का खाना ज्यादा खाते थे, वहीं अब वे अंडे, चिकन, मछली, दाल, ग्रीक योगर्ट या दही, दलिया, हरी सब्जियां, ड्राई फ्रूट्स और बाकी हेल्दी फूड्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं. साथ ही उन्होंने चीनी, जंक फूड, मैदे से बनी चीजों और बिना वजह कुछ भी खाते रहने की आदत को पूरी तरह छोड़ दिया है.
यह भी पढ़ें: घर की एंट्री को बनाएं खूबसूरत, पौधों और सजावटी गमलों से सजाने के 5 सस्ते DIY आइडिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं