कर्नाटक के एक गांव में उस वक्त लोगों के होश उड़ गए जब बगीचे में एक विशाल किंग कोबरा अजगर को निगलता हुआ दिखाई दिया. यह घटना 11 सितंबर की शाम बेल्थांगडी तालुक के तेनकारंडूर गांव के काडिंग इलाके में हुई. जब परिवार ने अपने बगीचे में विशाल किंग कोबरा देखा तो उन्होंने तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया. रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद जब सांप को सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई, तो किंग कोबरा ने अजगर को वापस बाहर निकाल दिया. इसके बाद रेस्क्यू टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और उसे जंगल में छोड़ दिया. यहां जानिए अगर आपके घर के पास इतना बड़ा सांप दिखाई दे, तो आप क्या करेंगे?
शांत रहें और अपनी जगह पर ही रुक जाएं
अगर, अचानक आपके सामने कोबरा आ जाए, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और कोई तेज हरकत करने से बचें. अचानक किया गया मूवमेंट सांप को खतरे का संकेत दे सकता है, जिससे वह हमला कर सकता है. आमतौर पर कोबरा पहले यह समझने की कोशिश करता है कि सामने वाला उसके लिए खतरा है या नहीं.
आंखों में आंखें डालकर न देखें, धीरे-धीरे पीछे हटें
कोबरा की आंखों में लगातार घूरकर देखना उसे चुनौती या खतरे की तरह महसूस हो सकता है. इसलिए उसकी ओर देखते हुए भी नजरें नॉर्मल रखें और सीधे आंखों में देखने से बचें. इसके बाद धीरे-धीरे और बिना घबराए पीछे की ओर हटें, ताकि आपके और सांप के बीच सुरक्षित दूरी बन सके. ध्यान रखें कि पूरी तरह पीठ न करें, क्योंकि पीछे हटते समय सांप की एक्टिविटी पर नजर रखना जरूरी है.
सांप को निकलने का रास्ता दें
कोबरा आमतौर पर लड़ना नहीं चाहता, बल्कि मौका मिलने पर वहां से निकल जाना पसंद करता है. इसलिए अगर आपके सामने कोबरा आ जाए, तो उसे घेरने या उसके रास्ते में खड़े होने की गलती न करें. थोड़ा पीछे हटकर उसे खुला रास्ता दें, ताकि वह आसानी से वहां से जा सके. इससे सांप भी सुरक्षित रहेगा और आपको भी कोई नुकसान नहीं होगा.
दूरी बनाने की कोशिश करें
कोबरा अपने शरीर की लंबाई के लगभग एक-तिहाई हिस्से तक हमला कर सकता है. इसलिए उससे कम से कम 6 से 8 फीट या उससे अधिक दूरी बनाकर रखने की कोशिश करें. अगर उसने फन फैला रखा है, तो और ज्यादा सावधानी बरतें. अचानक दौड़ने या भागने के बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें, क्योंकि तेज हरकत उसे उकसा सकती है.
यह भी पढ़ें:- कॉकरोच और कीड़े-मकोड़े को भगाने के लिए 5 केमिकल-फ्री उपाय, तुरंत दिखेगा असर
यह भी पढ़ें:- घर के अंदर कपड़े सुखाने पर उनमें से सीलन की बदबू क्यों आती है? स्टडी से जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं