Janmashtami 2026 Decoration Ideas: जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव देशभर में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भक्ति, प्रेम और आस्था का सबसे पावन पर्व है. जब भाद्रपद महीने की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि आती है, तो हर गली, हर घर और हर मंदिर में 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' गूंजने लगता है. इस साल जन्माष्टमी 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को पड़ रही है. जन्माष्टमी आते ही घर में एक अलग ही उत्साह और भक्ति का माहौल बन जाता है. हर कोई चाहता है कि लड्डू गोपाल के स्वागत के लिए उसका घर सुंदर और खास दिखे, लेकिन सजावट करने लिए आपको पैसे खर्च करने की आवश्यकता नहीं है. आप घर की छोटी-छोटी चीजों से भी त्योहार की रौनक बढ़ा सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं कुछ आसान और क्रिएटिव आइडिया, जिससे घर को खूबसूरत और कृष्णमय बनाया जा सकता है.
पूजा के कोने को बनाएं खास
जन्माष्टमी पर पूरे घर की बजाय उस जगह पर अधिक ध्यान दें जहां लड्डू गोपाल विराजमान होंगे. एक साफ-सुथरा कोना चुनें और उसे फूलों, रंगीन कपड़े और मोरपंख से सजाएं. छोटी-सी सजावट भी इस स्थान को अच्छा और अलग बना सकती है.
दरवाजे पर लगाएं तोरण
घर में प्रवेश करते ही त्योहार का एहसास हो, इसके लिए घर के मेन गेट पर तोरण लगाएं, आम या अशोक के पत्ते, गेंदे के फूल या घर में मौजूद सजावटी सामग्री से बना तोरण घर को पारंपरिक लुक देता है.
मोरपंख से बढ़ाएं कृष्ण भक्ति का एहसास
मोरपंख भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय प्रतीक माना जाता है. पूजा स्थल, झूले या दीवार के आसपास कुछ मोरपंख लगाकर आप सजावट में आध्यात्मिक और सुंदर कुल दे सकते हैं.
दीवार पर बनाएं सुंदर बैकड्रॉप
घर की किसी खाली दीवार को जन्माष्टमी स्पेशल बैकड्रॉप में बदला जा सकता है. रंगीन दुपट्टे, फूलों की लड़ियां या फेयरी लाइट्स की मदद से सुंदर बनाएं. इससे पूजा स्थल और भी अच्छा दिखाई देगा.
बच्चों के लिए तैयार करें छोटा कृष्ण कॉर्नर
अगर घर में बच्चे हैं, तो उनके लिए एक छोटा-सा कृष्ण थीम कॉर्नर बनाएं. इसमें बांसुरी, मुकुट और मोरपंख जैसी चीजें रखें. बच्चे कान्हा बनकर तस्वीरें खिंचवा सकते हैं, जिससे त्योहार की खुशी दोगुनी हो जाएगी.
फूलों और लाइट्स से बढ़ाएं रौनक
घर में मौजूद फेयरी लाइट्स, दीये और ताजे फूलों का उपयोग करके भी शानदार सजावट की जा सकती है. हल्की रोशनी और फूलों की खुशबू पूरे माहौल को भक्तिमय बना देती है.
यह भी पढ़ें:- तुलसी के बिना अधूरी है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूजा, कृष्ण और तुलसी के बीच क्या संबंध है?
यह भी पढ़ें:- जन्माष्टमी पर कान्हा की झांकी सजाने के 7 खूबसूरत तरीके, घर में दिखेगा वृंदावन जैसा माहौल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं