Kacha Dudh Chehre Par Lagane Se Kya Hota Hai: कच्चा दूध हमारे घरों में सिर्फ खाने-पीने की चीज नहीं रहा, बल्कि लंबे समय से ब्यूटी केयर का भी हिस्सा रहा है. दादी-नानी के नुस्खों में दूध से चेहरे की सफाई, सॉफ्टनेस और नेचुरल ग्लो पाने के कई तरीके मिलते हैं. आज जब लोग नेचुरल स्किनकेयर और क्लीन ब्यूटी की तरफ फिर से लौट रहे हैं, तो कच्चे दूध का इस्तेमाल भी चर्चा में है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि चेहरे पर कच्चा दूध कैसे लगाया जा सकता है और इसको इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. इसकी जानकारी ब्यूटी एक्सपर्ट भारती तनेजा ने दी है.
दूध क्यों है फायदेमंद? | kaccha dudh lagane se chehre par kya hota hai
दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड एक माइल्ड AHA है, जो स्किन की ऊपरी लेयर पर जमी डेड स्किन सेल्स को धीरे-धीरे हटाने में मदद कर सकता है. इसके अलावा, दूध में प्रोटीन और फैट्स होते हैं, जो त्वचा को मुलायम और आरामदायक महसूस कराने में मददगार होते हैं. इसी कारण दूध से क्लींजिंग करने के बाद चेहरा कुछ समय के लिए स्मूद और फ्रेश दिखाई दे सकता है. एक्सपर्ट के अनुसार अगर इसका नियमित रूप से इस्तेमाल किया जाए तो, 15 दिन में चेहरे पर नेचुरल ग्लो आ सकता है.
कच्चा दूध चेहरे पर कैसे लगाएं? | kacha dudh kaise lagaye chehre pe
सबसे आसान तरीका है कि पहले चेहरे को पानी से अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद थोड़ी मात्रा में ताजा कच्चा दूध कॉटन पैड की मदद से पूरे चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं. इसे करीब 5 से 10 मिनट तक लगा रहने दें और फिर पानी से चेहरा धो लें. इसके बाद अपनी स्किन टाइप के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं. शुरुआत में इसे सप्ताह में दो बार इस्तेमाल किया जा सकता है.
एक्सपर्ट के अनुसार अगर स्किन बहुत ड्राई है, तो दूध में थोड़ा सा शहद मिलाकर एक सिंपल नॉरिशिंग फेस पैक भी बनाया जा सकता है. वहीं, नॉर्मल स्किन पर केवल दूध को भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे लगाते समय त्वचा को जोरों से रगड़ने की जरूरत नहीं है, क्योंकि दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड अपना असर धीरे-धीरे दिखाता है.

कच्चे दूध की खासियत यह है कि ये आसानी से घर में उपलब्ध होता है और इसके लिए किसी हार्ड ब्यूटी रूटीन की जरूरत नहीं पड़ती. यही कारण है कि भारत में ये पारंपरिक ब्यूटी केयर का एक लोकप्रिय हिस्सा रहा है.
इन बातों का रखें ध्यान
एक्सपर्ट के अनुसार एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि नेचुरल होने का मतलब ये नहीं है कि हर चीज हर स्किन टाइप को सूट करेगी. अगर आपकी त्वचा बहुत सेंसिटिव है या पहले से किसी तरह की जलन या परेशानी है, तो पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें. दूध हमेशा ताजा और साफ होना चाहिए और इसे चेहरे पर रातभर लगाकर छोड़ने की भी जरूरत नहीं है.
ब्यूटी एक्सपर्ट भारती तनेजा के अनुसार उनके लिए ब्यूटी का मतलब सिर्फ महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना नहीं है. घर में मौजूद साधारण चीजों को सही तरीके और सही जानकारी के साथ इस्तेमाल करना भी स्मार्ट स्किनकेयर का हिस्सा है. कच्चा दूध इसका एक बेहतरीन उदाहरण है, जो सरल, आसानी से उपलब्ध और भारतीय ब्यूटी परंपरा से गहराई से जुड़ा हुआ है.
यह भी पढ़ें: हेयर एक्सपर्ट जावेद ने कहा कंघी करते ही बालों का लग जाता है ढेर, तो ये 5 तरीके आजमाइए, बालों का झड़ना हो जाएगा बंद
यह भी पढ़ें: लंदन फैशन वीक में छाया 'आदर्श बालक', बचपन की यादों से सजा रनवे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं