पौधे घर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं. इसके साथ ही घर का माहौल भी ताजा और अच्छा बनाए रखते हैं. लेकिन आजकल ज्यादातर घरों में AC चलता है. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि क्या AC वाले कमरे में पौधे रखना सही है? या कहीं AC की ठंडी हवा से पौधों को नुकसान तो नहीं होता? अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. आइए जानते हैं AC की हवा से पौधों पर कैसा असर होता है-
AC की हवा का पौधों पर क्या असर होता है?
एयर कंडीशनर कमरे की हवा को ठंडा करने के साथ-साथ उसे काफी हद तक ड्राई भी बना देता है. यही ड्राईनेस कई इंडोर पौधों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है. जिन पौधों को नमी पसंद होती है, उनकी पत्तियां धीरे-धीरे मुरझाने लगती हैं. पत्तियों के किनारे भूरे पड़ने लगते हैं, साथ ही पौधा उतना बढ़ भी नहीं पाता है.
तो क्या करें?अच्छी बात यह है कि AC वाले कमरे में पौधे रखे जा सकते हैं. बस उनकी देखभाल थोड़ी अलग तरीके से करनी पड़ती है. अगर कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए, तो पौधे लंबे समय तक स्वस्थ और हरे-भरे रह सकते हैं. इसके लिए-
सबसे पहले पौधों को AC के ठीक सामने कभी न रखें. जब AC की ठंडी हवा सीधे पौधे पर पड़ती है, तो उसकी सेल्स पर असर पड़ता है. इससे पौधे तक पानी और जरूरी पोषक तत्व सही तरीके से नहीं पहुंच पाते. नतीजतन पत्तियां पीली या सूखी दिखने लगती हैं. इसलिए पौधों को हमेशा कमरे में ऐसी जगह रखें, जहां AC की हवा सीधे उन पर न लगे. अगर हवा हल्की-फुल्की पहुंच रही है तो कोई दिक्कत नहीं होती, लेकिन तेज ठंडी हवा से बचाना जरूरी है.
कमरे में नमी बनाए रखेंज्यादातर इंडोर प्लांट्स को 40 से 60 प्रतिशत तक नमी वाला वातावरण पसंद होता है. लेकिन AC चलने से कमरे की नमी काफी कम हो जाती है. ऐसे में कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं.
- AC वाले कमरे में किसी बड़े बर्तन में पानी भरकर रख दें. इससे कमरे में नमी बनी रहती है.
- आप एक जगह पर कई पौधे साथ रख सकते हैं. इससे उनके आसपास हल्की नमी बनी रहती है.
- इससे अलग अगर जरूरत महसूस हो, तो कमरे में ह्यूमिडिफायर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
फूल देने वाले पौधे ड्राई हवा से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं. ऐसे पौधों में कलियां बनना रुक सकती हैं, पत्तियां सूख सकती हैं या उनका रंग फीका पड़ सकता है. अगर ऐसा होने लगे, तो सुबह के समय पत्तियों पर हल्का पानी छिड़क दें. लेकिन ध्यान रखें कि उस समय AC बंद हो. पत्तियां पूरी तरह सूख जाने के बाद ही AC दोबारा चालू करें.
इसके अलावा छोटे पौधे भी तापमान में होने वाले बदलाव को जल्दी महसूस करते हैं. इसलिए वे बड़े पौधों की तुलना में जल्दी प्रभावित हो सकते हैं. अगर आपके पास छोटे इंडोर प्लाटंस् हैं, तो उन्हें कांच के जार या ग्लास कवर से ढककर रखा जा सकता है. इससे उनके आसपास एक छोटा-सा वातावरण बन जाता है, जहां नमी बनी रहती है और AC की ठंडी हवा का असर भी कम होता है.
सही पौधा चुनेंसभी पौधे एक जैसे नहीं होते. कुछ पौधे कम नमी और ड्राई हवा में भी आसानी से रह लेते हैं, जबकि कुछ को हर समय नमी चाहिए होती है. इसलिए कोई भी पौधा खरीदने से पहले यह जरूर जान लें कि उसे कितनी नमी और किस तापमान की जरूरत होती है. अगर घर में ज्यादातर समय AC चलता है, तो ऐसे पौधे चुनना बेहतर रहेगा जो बदलते तापमान और ड्राई हवा को आसानी से सहन कर सकें. आमतौर पर चौड़ी और बड़ी पत्तियों वाले कई इंडोर पौधे ऐसे माहौल में बेहतर तरीके से टिक जाते हैं.
इन बातों का भी रखें ध्यान- पौधे की मिट्टी पूरी तरह सूखने न दें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी भी न डालें.
- समय-समय पर पत्तियों की सफाई करते रहें, ताकि धूल जमा न हो.
- पौधों को रोज कुछ समय के लिए प्राकृतिक रोशनी में भी जरूर रखें.
- अगर पत्तियां पीली पड़ने लगें, सूखने लगें या बढ़त रुक जाए, तो उसकी जगह या देखभाल के तरीके में बदलाव करें.
इस तरह थोड़ी-सी सावधानी और सही देखभाल के साथ आप इंडोर प्लांट्स को AC वाले कमरे में भी हरा-भरा रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- इस्तेमाल की हुई Aluminium Foil से पौधों को मिलेगा फायदा, जानें 4 आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं