अगर आप दक्षिण भारत में धार्मिक यात्रा करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. दरअसल, IRCTC एक शानदार टूर पैकेज लेकर आया है जिसमें ट्रेन टिकट, होटल और बाकी कई व्यवस्थाएं पहले से शामिल हैं. इससे यात्रियों को अलग-अलग बुकिंग करने की समस्या नहीं होगी. IRCTC के इस पैकेज का नाम 'दक्षिण भारत यात्रा एक्स सीकर' है जो 11 रात और 12 दिनों का है. ऐसे में साउथ इंडिया में धार्मिक यात्रा करने के लिए ये पैकेज आपके लिए काफी अच्छा ऑप्शन हो सकता है. आइए जानते हैं इसकी कीमत समेत जरूरी डिटेल्स.
भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए कराए जाएंगे दर्शन
IRCTC के इस टूर पैकेज में भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए यात्रियों को तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मार्कापुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. ये टूर 21 अक्टूबर 2026 को सीकर से शुरू होगा और 1 नवंबर 2026 को समाप्त होगा. यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ से भी बोर्डिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे राजस्थान के अलग-अलग शहरों के लोग आसानी से इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो सकेंगे.
कहां-कहां दर्शन कराए जाएंगे?
इस 12 दिन की धार्मिक यात्रा के दौरान यात्रियों को दक्षिण भारत के कई प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे.
तिरुपति
यहां भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे, जो देश के सबसे प्रसिद्ध और समृद्ध मंदिरों में से एक माना जाता है.
रामेश्वरम
पैकेज में श्री रामनाथस्वामी मंदिर की यात्रा शामिल है. यह 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक से जुड़ा प्रमुख तीर्थ स्थल है.
मदुरै
इस पैकेज में यात्रियों को विश्व प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन का अवसर मिलेगा.
कन्याकुमारी
यहां स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर कराई जाएगी. यात्रा में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, गांधी मंडपम और सनसेट प्वाइंट जैसी जगह शामिल हैं.
मार्कापुर
टूर के आखिरी में यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन कराए जाएंगे. यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है.
क्या है टूर पैकेज की कीमत?
इकोनॉमी स्लीपर में प्रति एडल्ट किराया 24,100 रुपये रखा गया है, जबकि स्टैंडर्ड 3एसी के लिए 37,810 रुपये और 2एसी कैटेगरी के लिए 50,290 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे. वहीं, 5 से 11 साल की उम्र के बच्चों के लिए इकोनॉमी स्लीपर का किराया 22,715 रुपये, स्टैंडर्ड 3एसी का 36,175 रुपये और कंफर्ट 2एसी का 48,330 रुपये है. एडल्ट यात्रियों के लिए ये किराए सिंगल, डबल और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी ऑप्शन के अनुसार उपलब्ध हैं, जिससे यात्री अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से पैकेज चुन सकते हैं.
पैकेज में क्या-क्या सुविधा मिलेंगी?
IRCTC के इस पैकेज में यात्रियों को भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन से यात्रा, होटल में स्टे, वॉश एंड चेंज फैसिलिटीज, ट्रांसपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही कुछ सुविधाएं एकोमोडेशन की कैटेगरी के अनुसार अलग-अलग होंगी. इकोनॉमी कैटेगरी में बजट होटलों में ट्विन या ट्रिपल शेयरिंग आधार पर नॉन-एसी कमरे और नॉन-एसी ट्रांसपोर्ट दिया जाएगा.
वहीं, स्टैंडर्ड 3एसी कैटेगरी में बजट होटलों के एसी कमरे मिलेंगे, लेकिन लोकल ट्रांसपोर्ट नॉन-एसी रहेगा. कंफर्ट 2एसी कैटेगरी के यात्रियों को एसी कमरे के साथ एसी बस की सुविधा भी मिलेगी. खाने की बात करें तो यात्रा के दौरान ट्रेन में वेज खाना उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं, ट्रेन के बाहर खाने की व्यवस्था रेस्तरां, होटलों, बैंक्वेट हॉल या पैक्ड मील के माध्यम से की जाएगी.
पैकेज में क्या-क्या शामिल नहीं है?
टूर के दौरान यात्रियों को मोन्यूमेंट एंट्री फीस, एडवेंचर एक्टिविटीज फीस, रूम सर्विस, गाइड फीस और टिप्स खुद देनी होगी. इसके अलावा लॉन्ड्री, मिनरल वाटर, पर्सनल खाने-पीने की चीजों का खर्च भी पैकेज में कवर नहीं किए गए हैं. साथ ही खाने का मेन्यू पहले से सेट होगा, जिसके चलते यात्रियों को खुद मेन्यू चुनने का ऑप्शन नहीं मिलेगा.
पैकेज के बारे में पूरी जानकारी पाने के लिए यहां क्लिक करें.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से 6-7 घंटे की ड्राइव पर ये खूबसूरत हिल स्टेशन, कपल्स छुट्टियों में बनाएं सुकून भरी ट्रिप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं