बारिश का मौसम पौधों के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इस समय गर्मी से राहत मिलती है और पौधों को बढ़ने के लिए अच्छा माहौल मिलता है. लेकिन मॉनसून अपने साथ कुछ परेशानियां भी लेकर आता है. इनमें सबसे आम समस्या है पौधों की पत्तियों का पीला पड़ना. अगर आपके मनी प्लांट, तुलसी, गुड़हल या किसी इंडोर प्लांट की पत्तियां पीली होने लगी हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सही वजह समझकर और समय पर देखभाल कर आप अपने पौधे फिर से हरा-भरा कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
मॉनसून में पीली क्यों पड़ जाती हैं पौधों की पत्तियां?
बारिश के दौरान मिट्टी लंबे समय तक गीली रहती है. धूप कम निकलती है, हवा का बहाव भी कम हो जाता है और नमी बढ़ जाती है. इसी नमी के कारण जड़े गलने लगती हैं. साथ ही ऐसे माहौल में फंगस और बैक्टीरिया भी तेजी से फैलते हैं. इसकी वजह से पौधों की जड़ें ठीक से काम नहीं कर पातीं और पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं.
इन गलतियों से बचें
नंबर 1- जरूरत से ज्यादा पानी देनामॉनसून में सबसे बड़ी गलती पौधों को रोज पानी देना है. बारिश के कारण मिट्टी पहले से ही गीली रहती है. ऐसे में अगर आप पौधों को और पानी देंगे, तो इससे जड़ों में सड़न शुरू हो सकती है. वहीं, जब जड़ें सड़ना शुरू होती हैं, तो सबसे पहले पत्तियां पीली होने लगती हैं. ऐसे में अगर आपको भी पौधा पीला होता दिखे, तो तुरंत उसमें पानी डालना बंद कर दें. पौधों को पानी तभी दें, जब मिट्टी की ऊपरी परत सूखी महसूस हो.
नंबर 2- जरूरत से ज्यादा खाद डालनाबारिश के मौसम में पौधों में ज्यादा खाद डालने से उसकी परत जड़ों के आसपास जमा हो जाती है. अगर मिट्टी की सतह पर सफेद परत दिखाई दे या पत्तियों के किनारे भूरे होने लगें, तो कुछ समय तक खाद देना बंद कर दें.
नंबर 3- मिट्टी का pH और पोषक तत्वों की कमीअगर मिट्टी का pH सही नहीं है, तो पौधे मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों को भी नहीं ले पाते. इसके अलावा नाइट्रोजन, आयरन, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी से भी पत्तियां पीली होने लगती हैं. ऐसे में समय-समय पर मिट्टी की जांच करें. इसके बाद संतुलित खाद का इस्तेमाल करें. इससे आपके पौधे फिर से हरे-भरे दिखने लगेंगे.
नंबर 4- धूप और हवा की कमी को नजरअंदाज करनाइन सब से अलग मॉनसून में लगातार बादल रहने से पौधों को कम धूप मिलती है. वहीं, इंडोर प्लांट्स अगर बंद कमरे में रखे हों, तो उन्हें पर्याप्त हवा भी नहीं मिल पाती. इससे फंगस और बैक्टीरिया का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए पौधों को ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप और अच्छी हवा आती हो.
यानी बारिश के मौसम में पौधों की देखभाल का तरीका थोड़ा बदलना जरूरी है. जरूरत के अनुसार ही पानी दें, संतुलित मात्रा में खाद डालें, गमले की मिट्टी का ध्यान रखें और पौधों को पर्याप्त रोशनी और हवा वाली जगह पर रखें. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के पौधों को पूरे मॉनसून में स्वस्थ, हरा-भरा और खूबसूरत बनाए रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Sunscreen कितने दिनों में Expire हो जाती है? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया ये साइन दिखें तो बिल्कुल न करें यूज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं