विज्ञापन

क्या रात में ज्यादा सोने से Dark Circles ठीक हो सकते हैं? स्किन की डॉक्टर से जानें कैसे लाइट होंगे आंखों के नीचे पड़े काले गड्ढे

क्या सोने, आंखों के ऊपर खीरे का टुकड़ा रखने या बर्फ लगाने से Dark Circles ठीक हो सकते हैं? आइए जानते हैं एक्सपर्ट से-

क्या रात में ज्यादा सोने से Dark Circles ठीक हो सकते हैं? स्किन की डॉक्टर से जानें कैसे लाइट होंगे आंखों के नीचे पड़े काले गड्ढे
क्या सोने से ठीक हो सकते हैं डार्क सर्कल्स?
(P.C- NDTV)

आंखें हमारे चेहरे का सबसे खूबसूरत हिस्सा होती हैं. हालांकि, अगर आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स हो जाएं, तो ये खूबसूरती थोड़ी फीकी पड़ने लगती है. ऐसे में फिर इन डार्क सर्कल्स को कम करने के लिए लोग तमाम तरह के नुस्खे आजमाते हैं. जैसे- खीरा लगाना, बर्फ से मसाज करना, कॉफी का पेस्ट बनाकर लगाना आदि. वहीं, कई लोग सोचते हैं कि ज्यादा सोने से डार्क सर्कल्स ठीक हो जाएंगे. लेकिन क्या ये नुस्खे और तरीके वाकई काम आते हैं? आइए जानते हैं एक्सपर्ट से- 

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

इसे लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट जुश्या भाटिया सरीन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर बताती हैं, डार्क सर्कल की वजह सिर्फ कम नींद नहीं होती. इसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं. इसलिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आपके डार्क सर्कल किस वजह से हैं.

क्या सोने से ठीक हो सकते हैं डार्क सर्कल्स?

डॉक्टर बताती हैं कि अच्छी और समय पर नींद लेना बॉडी और स्किन, दोनों के लिए बहुत जरूरी है. अच्छी नींद लेने से चेहरा फ्रेश दिखता है और थकान कम नजर आती है. लेकिन अगर आपके डार्क सर्कल जेनेटिक हैं, आंखों के नीचे गड्ढे हैं या त्वचा की पिगमेंटेशन बढ़ गई है, तो सिर्फ ज्यादा सोने से यह पूरी तरह खत्म नहीं होंगे. यानी अच्छी नींद जरूरी है, लेकिन इससे डार्क सर्कल पूरी तरह ठीक नहीं होते हैं.

क्या खीरा डार्क सर्कल्स को कम कर सकता है?

डार्क सर्कल्स को ठीक करने के लिए खीरे का इस्तेमाल भी पुराना नुस्खा है. इसे लेकर स्किन की डॉक्टर बताती हैं, आंखों पर खीरे का टुकड़ा रखने से ठंडक मिलती है और थोड़ी देर आराम महसूस होता है. वहीं, कुछ लोग डार्क सर्कल्स पर बर्फ से मसाज करते हैं, इससे आंखों के नीचे की सूजन कुछ समय के लिए कम हो सकती है. लेकिन ये घरेलू उपाय डार्क सर्कल्स पर काम नहीं करते हैं. इनसे बस आंखों की पफीनेस कुछ हद तक कम हो सकती है.

धूप और आंखें मलने की आदत भी बढ़ा सकती है परेशानी

डॉक्टर सरीन बताती हैं, अगर आप ज्यादा देर धूप में रहते हैं, तो आंखों के आसपास की त्वचा में पिगमेंटेशन बढ़ सकती है. इससे डार्क सर्कल पहले से ज्यादा गहरे दिखने लगते हैं. इसलिए चेहरे के साथ-साथ आंखों के आसपास भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी है.

इसके अलावा अगर आपको बार-बार आंखें मलने की आदत है, तो इसे तुरंत छोड़ दें. ऐसा करने से त्वचा पर रगड़ पड़ती है और काले घेरे ज्यादा नजर आने लगते हैं.

कैसे कम होंगे डार्क सर्कल?
  • डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, अगर डार्क सर्कल पिगमेंटेशन की वजह से हैं, तो विटामिन-सी वाली आई क्रीम धीरे-धीरे इन्हें लाइट करने में मदद कर सकती है. 
  • रेटिनॉल वाली आई क्रीम आंखों के आसपास की त्वचा को बेहतर बनाने और फाइन लाइंस को कम करने में मदद कर सकती है.
  • इससे अलग अगर डार्क सर्कल की परेशानी बहुत ज्यादा है, तो अंडर-आई फिलर, केमिकल पील और लेजर जैसे ट्रीटमेंट भी अच्छे नतीजे दे सकते हैं.
इस बात का रखें ध्यान 

डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, अलग-अलग लोगों में डार्क सर्कल्स होने के अलग-अलग कारण हो सकते हैं. ऐसे में इन्हें ठीक करने के लिए कोई एक तरीका असरदार नहीं होता है. इसलिए अगर डार्क सर्कल लंबे समय से बने हुए हैं, तो सिर्फ घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने की बजाय उनकी असली वजह जानना ज्यादा जरूरी है. सही स्किन केयर, अच्छी नींद, धूप से बचाव और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से ही इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.

यह भी पढ़ें- LED Face Mask से क्या होता है? हफ्ते में कितने दिन और कितनी देर लगाना चाहिए? स्किन की डॉक्टर से जानें सारे जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dark Circle, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com