सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति और पूजा-अर्चना के लिए सबसे खास माना जाता है. अगर इस बार आप अपने घर के मंदिर या बालकनी में भोले बाबा के लिए कुछ अलग और आकर्षक सजावट करना चाहते हैं, तो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा 'मिनी शिवलिंग गार्डन' आइडिया आपके लिए शानदार हो सकता है. इंस्टाग्राम पेज radiance_of_nature_saheli ने एक वीडियो में बताया है कि सिर्फ 6 आसान चीजों की मदद से गमले में सुंदर शिवलिंग गार्डन तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं सावन में कैसे तैयार करें मिनी शिवलिंग गार्डन.
सबसे पहले लें चौड़ा गमला या टेराकोटा ट्रे
वायरल वीडियो में बताया गया है कि सावन के शुभ अवसर पर घर में मिनी शिवलिंग गार्डन की सजावट के लिए एक चौड़ा और कम गहराई वाला गमला या टेराकोटा ट्रे चुनें. इससे मिनी गार्डन को आकर्षक और व्यवस्थित लुक मिलता है.
मिट्टी और कोकोपीट का करें इस्तेमाल
इसके अलावा, गमले में अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी या मिट्टी और कोकोपीट का मिश्रण भरें. इससे पौधों की अच्छी ग्रोथ होगी और गार्डन लंबे समय तक हरा-भरा रहेगा.
छोटे-छोटे पौधे लगाएं
अब इसमें ड्वार्फ जेड प्लांट, छोटे फर्न या अन्य छोटे हरे पौधे लगाएं. ये मिनी शिवलिंग गार्डन को प्राकृतिक और मनमोहक लुक देते हैं.
यह भी पढ़ें: Kanwar Yatra 2026: आज से कांवड़ यात्रा शुरू, जानिए कब होगा जलाभिषेक और सावन शिवरात्रि
बीच में स्थापित करें छोटा शिवलिंग
गार्डन के बीचों-बीच एक छोटा शिवलिंग रखें. चाहें तो उसके साथ नंदी महाराज या त्रिशूल की छोटी प्रतिमा भी रख सकते हैं.
सफेद कंकड़ और रंगीन पेबल्स से सजाएं
शिवलिंग के चारों ओर सफेद पत्थर, रंग-बिरंगे पेबल्स और छोटे शंख सजाएं. इससे पूरा गार्डन मंदिर जैसा सुंदर दिखाई देगा.
DIY सजावट से बढ़ाएं खूबसूरती
वीडियो में छोटे मिट्टी के लटकते घड़े से जलधारा का आभास, तार या धागे से बने मेहराब और छोटी घंटियों जैसी DIY सजावट जोड़ने का सुझाव भी दिया गया है. कम खर्च में तैयार होने वाला यह मिनी शिवलिंग गार्डन सावन में घर की सजावट को खास बना सकता है.
यह भी पढ़ें: Sawan ki Katha: समुद्र मंथन से जुड़ा है श्रावण मास, यहां पढ़ें सावन की पौराणिक कथा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं