कभी-कभी बिना किसी वजह के भी उल्टी जैसा महसूस होने लगता है, जी मिचलाता है, सिर और पेट में हल्की दुखन लगती है. इस तरह की परेशानी को नॉजिया (Nausea) कहा जाता है. आमतौर पर ये परेशानी थोड़ी देर में अपनेआप ठीक हो जाती है लेकिन कई बार देर तक भी बनी रहती है. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान टिप्स फॉलो कर आप नॉजिया से जल्द राहत पा सकते हैं. UK के एडवांस्ड क्लिनिकल प्रैक्टिशनर और फार्मासिस्ट अब्राहम जैकबसन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने नॉजिया को जल्द ठीक करने के कुछ ऐसे ही तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- वॉक करें
एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आपको बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस नहीं हो रही है, तो थोड़ी देर खुली हवा में वॉक करें. ताजी हवा और नेचुरल सनलाइट मूड को बेहतर करने में मदद करती है. इससे आपको अच्छा लग सकता है.
नंबर 2- पुदीना और अदरकउल्टी जैसा लगने या पेट में दुखन होने पर आप पुदीना और अदरक की हर्बल चाय बनाकर पी सकते हैं. अदरक में जिंजरोल होता है, जो पेट को शांत करने में मदद कर सकता है. वहीं, पुदीने के सेवन से भी आपको थोड़ा लाइट और अच्छा महसूस हो सकता है.
नंबर 3- एक्यूप्रेशर पॉइंटअपने हाथ को सीधा रखें. इसके बाद कलाई पर तीन उंगली रखें. तीसरी उंगली के ठीक नीचे और बीच वाले पॉइंट को P6 या इनर फ्रंटियर गेट पॉइंट कहते हैं. अब्राहम जैकबसन बताते हैं, इस पॉइंट पर धीरे-धीरे मसाज करने से भी आपको जी मिचलाने या नॉजिया से जल्द राहत मिल सकती है. दोनों कलाई पर हल्के हाथों से 2 से 3 मिनट मसाज करें. ऐसा करने से बॉडी का स्ट्रेस कम होगा और आपको जल्दी राहत मिल सकती है.
नंबर 4- सही तरीके से पानी पिएंनॉजिया या उल्टी होने पर शरीर में पानी की कमी होने लगती है. ऐसे में लोग एक साथ बहुत सारा पानी पी लेते हैं. लेकिन इससे परेशानी और बढ़ सकती है. एक साथ बहुत सारा पानी पीने की बजाय थोड़े-थोड़े समय में घूंट-घूंट पानी पीते रहें. इसके साथ ही आप ORS पी सकते हैं. इससे भी आपको जल्द अच्छा महसूस हो सकता है.
नंबर 5- तेज गंध वाली चीजों से दूर रहेंएक्सपर्ट आगे बताते हैं, कई बार किसी परफ्यूम या किसी तेज गंध की वजह से भी नॉजिया की परेशानी बढ़ने लगती है. खाने की तेज खुशबू से भी उल्टी जैसा लगने लगता है. इसलिए इन चीजों से भी दूर रहें. बेहतर महसूस करने के लिए आप कॉफी को स्मेल कर सकते हैं. खासकर सिर दर्द में कॉफी सूंघने से राहत मिलती है.
इस तरह छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान देकर आपको जल्दी राहत मिल सकती है. हालांकि, अगर ये परेशानी बार-बार हो रही है. साथ ही उल्टी के साथ पेट में ज्यादा दर्द होता है, तो एक बार एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें- कान के अंदर पानी चला जाए तो क्या करें? एक्सपर्ट से जानें कान से पानी निकालने का सबसे आसान तरीका क्या है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं