जब भी त्वचा पर झुर्रियां, ढीलापन या फाइन लाइन्स दिखने लगती हैं, तो ज्यादातर लोग इसका कारण सिर्फ बढ़ती उम्र को मानते हैं, लेकिन सच यह है कि स्किन एजिंग केवल उम्र का असर नहीं होती. हमारी डेली रूटीन की कुछ छोटी-छोटी आदतें भी त्वचा को समय से पहले बूढ़ा दिखने लगती हैं. धूप में बिना सनस्क्रीन निकलना, पूरी नींद न लेना, तनाव में रहना, धूम्रपान और गलत खानपान जैसी आदतें त्वचा की चमक और कसाव को तेजी से प्रभावित कर सकती हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर समय रहते इन आदतों पर ध्यान दिया जाए, तो त्वचा को लंबे समय तक हेल्दी, जवां और चमकदार बनाए रखने में मदद मिल सकती है. चलिए आपको बताते हैं ऐसी 5 आम आदतों के बारे में जो आपकी स्किन को समय से पहले बूढ़ा बना रही हैं.
त्वचा की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया क्या है?
त्वचा शरीर का सबसे बड़ा अंग है और यह हमेशा बाहरी वातावरण के संपर्क में रहती है. यही वजह है कि यह सबसे ज्यादा संवेदनशील भी होती है. बढ़ती उम्र के साथ त्वचा की बनावट और काम करने का तरीका दोनों बदलने लगते हैं. उम्र बढ़ना एक बायोलॉजिकल प्रक्रिया है, जिसका असर सिर्फ त्वचा पर ही नहीं बल्कि उसे सहारा देने वाली मांसपेशियों, हड्डियों और कार्टिलेज पर भी पड़ता है. यह प्रक्रिया आमतौर पर हमारे जीन से तय होती है, लेकिन हमारे आसपास का वातावरण और लाइफस्टाइल भी इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं.
स्किन एक्सपर्ट डॉ. रितिका शनमुगम के अनुसार, बढ़ती उम्र के साथ त्वचा और बालों में कई बदलाव दिखाई देने लगते हैं. इनमें चेहरे पर फाइन लाइन्स और झुर्रियां, त्वचा का ढीलापन, रूखापन, एज स्पॉट्स और पिगमेंटेशन, त्वचा की चमक कम होना, चेहरे का धंसा हुआ दिखना, नाक और होंठों के बीच की रेखाओं का गहरा होना, जॉल्स और आंखों के नीचे गड्ढे बनना शामिल हैं. बालों से जुड़ी समस्याओं में माथे और कनपटियों के आसपास बाल पतले होना, स्कैल्प का ज्यादा दिखाई देना और बालों का सफेद होना शामिल है. हालांकि, कुछ डेली रूटीन की आदतों में बदलाव करके स्किन एजिंग की प्रक्रिया को धीमा किया जा सकता है.
लगातार तनाव लेना
तनाव उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है. लंबे समय तक तनाव में रहने से शरीर में कॉर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और फ्री रेडिकल्स बढ़ते हैं. ये कोलेजन को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे झुर्रियां और ढीलापन जल्दी दिखाई देने लगता है.
धूम्रपान और शराब का सेवन
स्मोकिंग और शराब दोनों ही त्वचा की नमी कम कर सकते हैं. इससे त्वचा तक ऑक्सीजन और जरूरी पोषक तत्वों की आपूर्ति प्रभावित होती है. इसके चलते कोलेजन तेजी से कम होने लगता है और त्वचा समय से पहले बूढ़ी दिख सकती है. इसलिए इन आदतों से दूरी बनाना त्वचा के लिए फायदेमंद है.
सनस्क्रीन न लगाना
सूरज की यूवी किरणें त्वचा की उम्र बढ़ाने वाले सबसे बड़े कारणों में से एक हैं. धूप के संपर्क में आने से त्वचा में ऐसे तत्व बनते हैं, जो कोलेजन को नुकसान पहुंचाते हैं. इसलिए घर से बाहर निकलने से पहले कम से कम SPF 50 वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाना जरूरी है.
अनहेल्दी खानपान
जंक फूड और ज्यादा शुगर वाली चीजें त्वचा पर बुरा असर डाल सकती हैं. हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थ कोलेजन को तेजी से नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसके बजाय रंग-बिरंगे फल, हरी सब्जियां और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आहार त्वचा को हेल्दी रखने में मदद करते हैं.
कम पानी पीना
बढ़ती उम्र के साथ त्वचा में नमी बनाए रखने की क्षमता कम हो सकती है. ऐसे में पर्याप्त पानी न पीने से त्वचा और ज्यादा रूखी तथा बेजान दिख सकती है. रोजाना 2-3 लीटर पानी पीने से त्वचा हाइड्रेटेड रहती है और उसकी लोच बनी रहती है.
पर्याप्त नींद न लेना
नींद के दौरान त्वचा खुद को रिपेयर करती है. अगर आप पूरी नींद नहीं लेते हैं, तो नई कोशिकाओं के बनने और त्वचा की मरम्मत की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. इसलिए रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेना जरूरी है.
यह भी पढ़ें:- किचन और बाथरूम के नल पर जमे जिद्दी दाग, एल्युमिनियम फॉयल से मिनटों में लौटाएं नई जैसी चमक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं