अगर आपको अपने घर में पौधे लगाने का शौक है, तो उनकी अच्छी ग्रोथ के लिए आपको फर्टिलाइजर की जरूरत भी पड़ती होगी. अब, ज्यादातर लोग बाजार से महंगे-महंगे फर्टिलाइजर खरीदते हैं, जबकि आप चाहें, तो किचन के वेस्ट से घर पर भी अपने पौधों के लिए बेहतरीन खाद बनाकर तैयार कर सकते हैं. इसी को लेकर गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने अपने यूट्यूब चैनल टेरेस गार्डन पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अंडे के छिलकों से खाद बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इस खाद को बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे पौधों में अंडे के छिलके की खाद डालने से क्या होता है-
अंडे के छिलकों से खाद बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- 4-5 अंडों के छिलके
- मिक्सर या ग्राइंडर
- थोड़ा सफेद सिरका और
- पानी
- इसके लिए सबसे पहले छिलकों को अच्छी तरह साफ करके पूरी तरह सूखने दें.
- जब, अंडे के छिलके सूख जाएं, तब इन्हें मिक्सर या ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें.
- अब, ज्यादातर लोग केवल इस तरह पाउडर बनाकर पौधे की मिट्टी में डाल देते हैं. लेकिन गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं कि इस पाउडर से फायदा पाने के लिए पौधों को 6 से 7 महीने लग जाते हैं. अंडे के छिलके मिट्टी में जल्दी नहीं गलते हैं. इसलिए केवल अंडे के पाउडर को पौधे में डालने से बचें.
- इससे अलग एक साफ बर्तन लें. इसमें तैयार एक चम्मच पाउडर डालें और ऊपर से थोड़ा सफेद सिरका डाल दें. सिरका मिलाते ही पाउडर से बुलबुले निकलने लगेंगे. ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि सिरके में मौजूद एसिड अंडे के छिलकों में मौजूद कैल्शियम कार्बोनेट से प्रतिक्रिया करता है. इस दौरान कार्बन डाइऑक्साइड गैस निकलती है.
- तैयार मिश्रण को किसी खुली और हवादार जगह पर रखें. जब बुलबुले निकलना बंद हो जाएं, तब आपका फर्टिलाइजर बनकर तैयार हो जाएगा.
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, आपको तैयार मिश्रण को सीधे पौधों में नहीं डालना है. इससे अलग तैयार घोल में करीब एक लीटर सादा पानी मिलाएं. इसके बाद आप इसे पौधों की मिट्टी में डाल सकते हैं.
पौधों की मिट्टी में अंडे के छिलके की खाद डालने से क्या होता है?गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, अंडे के छिलकों में कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पौधों को मजबूत बनाने में मदद करता है. कैल्शियम पौधों की कोशिकाओं को मजबूत बनाने में मदद करता है. इसकी कमी होने पर पौधों पर नई पत्तियां कम बनने लगती हैं, साथ ही पौधे की ग्रोथ भी रुक जाती है. खासकर टमाटर, मिर्च और बैंगन के पौधों की अच्छी देखभाल के लिए मिट्टी में कैल्शियम का सही होना जरूरी है. इसके अलावा आप दूसरी सब्जियों के पौधों में भी अंडे के छिलकों से तैयार खाद को डाल सकते हैं. इस तरह आप अपने पौधों की देखभाल के लिए घर पर ही खाद बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- जेड प्लांट की पत्तियां पीली पड़ने लगें तो क्या करें? जानें जेड प्लांट में कितने दिन में पानी देना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं