घर की खूबसूरती और किचन का हाइजीन बनाए रखने के लिए साफ-सफाई बेहद जरूरी होती है. अक्सर हम स्लैप और गैस स्वोव को ऊपर से साफ कर देते हैं, लेकिन नॉब्स को साफ करना भूल जाते हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गैस स्टोव के नॉब्स किचन की उन चीजों में शामिल हैं जिन्हें सबसे ज्यादा छुआ जाता है. खाना बनाते समय हाथों का तेल, सब्जी और मसालों के छींटे, साथ ही भाप की वजह से इन पर जल्दी चिकनाई और गंदगी जमने लगती है. अच्छी बात ये है कि इन्हें साफ करने के लिए न तो महंगे क्लीनर की जरूरत होती है और न ही किसी खास उपकरण की. आप कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप गैस के नॉब्स को फिर से नया जैसा चमका सकते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको गैस स्टोव के नॉब्स को साफ करने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं....
सबसे पहले गैस बंद करें और नॉब्स को निकाल लें
सफाई शुरू करने से पहले ये देख लें कि गैस स्टोव पूरी तरह बंद और ठंडा हो. ज्यादातर गैस स्टोव के नॉब्स हल्के से खींचने पर आसानी से निकल जाते हैं. अगर कोई नॉब फंसा हुआ लगे, तो उसे जोर से खींचने की बजाय धीरे-धीरे हिलाकर निकालें, क्योंकि ज्यादा ताकत लगाने से वो खराब हो सकता है.
अब गर्म पानी में भिगोएं
गैस स्टोव से निकालने के बाद अब एक बाउल में गर्म पानी लें और उसमें अच्छी मात्रा में लिक्विड डिश सोप मिला दें. इसके बाद गैस के नॉब्स को इसमें डालकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें. ऐसा करने से नॉब्स पर जमी चिकनाई और सूखे खाने के कण नरम हो जाते हैं, जिससे उन्हें साफ करना आसान हो जाता है. अगर नॉब्स पर बहुत ज्यादा ग्रीस जमा है, तो पानी में 1 बड़ा चम्मच सफेद सिरका भी मिला सकते हैं. सिरका चिपचिपी तेल की परत को हटाने में मदद करता है.
यह भी पढ़ें: केंचुए को कैसे भगाएं? बाथरूम में केंचुओं का इलाज क्या है, जानिए यहां
नॉब्स को ब्रश से साफ करें
नॉब्स को पानी से निकालने के बाद पुराने टूथब्रश की मदद से अच्छी तरह साफ करें. खासकर किनारों, खांचों और पीछे वाले हिस्से पर ध्यान दें, क्योंकि यहां सबसे ज्यादा गंदगी और चिकनाई जमा होती है. अगर किसी जगह जिद्दी दाग या जली हुई गंदगी चिपकी हुई है, तो 2 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को नॉब्स पर लगाएं और 5 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद ब्रश से दोबारा रगड़कर साफ करें. छोटे छेदों और संकरी जगहों की सफाई के लिए टूथपिक या कॉटन बड का इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि स्टील वूल या बहुत खुरदरे स्क्रबर का उपयोग न करें, क्योंकि इससे प्लास्टिक या धातु के नॉब्स पर खरोंच पड़ सकती है.

स्टोव को भी करें साफ
जब गैस के नॉब्स पानी में भीगे हुए हों, तब स्टोव पर नॉब्स के नीचे और आसपास की जगह को साबुन वाले पानी में भिगोए हुए नम कपड़े से साफ कर लें. ध्यान रखें कि स्टोव के अंदर सीधे पानी न डालें और पानी गैस के छेदों या बर्नर के हिस्सों में न जाने दें. इसके बाद नॉब्स को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उन पर लगा साबुन या बेकिंग सोडा पूरी तरह निकल जाए. अंत में चेक कर लें कि नॉब्स के छोटे-छोटे खांचों और किनारों में कोई गंदगी बची न हो.
अच्छी तरह सुखाएं और वापिस से लगाएं
सफाई के बाद हर नॉब को साफ कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें और कुछ मिनट के लिए खुली हवा में सूखने दें. नॉब्स में बची हुई नमी बाद में जंग, बदबू या चिपचिपाहट का कारण बन सकती है. जब नॉब्स पूरी तरह सूख जाएं, तो उन्हें वापस उनकी जगह पर लगाएं और हल्के हाथों से घुमाकर जांच लें कि वे आसानी से घूम रहे हैं या नहीं. इसके बाद गैस स्टोव इस्तेमाल के लिए तैयार है. नॉब्स पर दोबारा ग्रीस और गंदगी जमा न हो, इसके लिए हर कुछ दिनों में उन्हें सूखे या हल्के गीले कपड़े से पोंछते रहें. इससे नॉब्स लंबे समय तक साफ और नए जैसे बने रहेंगे.
यह भी पढ़ें: बंदरों को कैसे डराया जाए? बंदर भगाने का सबसे आसान तरीका क्या है, जानिए यहां
यह भी पढ़ें: घर में चींटियों को आने से कैसे रोकें? इन्हें घर से कैसे दूर करें? जानें बिना मारे चींटी भगाने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं