विज्ञापन

Collagen या Biotin? त्वचा और बालों के लिए कौन-सा ज्यादा असरदार, एक्सपर्ट से जानिए

कोलेजन और बायोटिन दोनों के फायदे अलग-अलग हैं. जहां कोलेजन त्वचा की नमी और लोच बनाए रखने में मदद कर सकता है, वहीं बायोटिन बालों की सेहत को बेहतर बनाने में सहायक माना जाता है.

Collagen या Biotin? त्वचा और बालों के लिए कौन-सा ज्यादा असरदार, एक्सपर्ट से जानिए
स्किन केयर
file photo

चमकदार त्वचा और घने बालों की चाहत में आजकल कई लोग कोलेजन और बायोटिन जैसे सप्लीमेंट्स का सहारा ले रहे हैं. सोशल मीडिया और विज्ञापनों में इन्हें खूबसूरती का आसान समाधान बताया जाता है, लेकिन क्या ये वाकई उतने असरदार हैं जितना दावा किया जाता है. एक्सपर्ट के अनुसार, कोलेजन और बायोटिन दोनों के फायदे अलग-अलग हैं. जहां कोलेजन त्वचा की नमी और लोच बनाए रखने में मदद कर सकता है, वहीं बायोटिन बालों की सेहत को बेहतर बनाने में सहायक माना जाता है, खासकर तब जब शरीर में इसकी कमी हो. ऐसे में त्वचा और बालों के लिए कौन-सा ज्यादा असरदार है.

कोलेजन से क्या होता है?

आजकल कोलेजन सप्लीमेंट्स काफी प्रसिद्ध हो गए हैं. कुछ रिसर्च बताती हैं कि हाइड्रोलाइज्ड कोलेजन पेप्टाइड्स का कई हफ्तों तक नियमित सेवन करने से त्वचा की नमी और लोच में सुधार हो सकता है. इससे त्वचा पहले की तुलना में अधिक हेल्दी और चमकदार दिख सकती है. हालांकि, कोलेजन कोई जादुई उपाय नहीं है. यह कितनी अच्छी तरह काम करेगा, यह आपकी डाइट, उम्र, लाइफस्टाइल और शरीर में पोषक तत्वों की स्थिति जैसी कई बातों पर निर्भर करता है.

बायोटिन से क्या होता है?

बायोटिन को अक्सर बालों की ग्रोथ बढ़ाने वाले सप्लीमेंट के रूप में माना जाता है. यह सच है कि बायोटिन बालों, त्वचा और नाखूनों की सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन बायोटिन सप्लीमेंट का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को होता है जिनके शरीर में इसकी कमी होती है. अगर किसी व्यक्ति में बायोटिन की कमी नहीं है, तो सिर्फ ज्यादा मात्रा में बायोटिन लेने से बालों की ग्रोथ में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलता.

त्वचा और बालों के लिए कौन-से पोषक तत्व जरूरी?

त्वचा और बालों को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ एक-दो सप्लीमेंट्स पर भरोसा करना पर्याप्त नहीं है. इसके लिए पूरे शरीर को सही पोषण मिलना जरूरी है. प्रोटीन सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों में से एक है, क्योंकि बाल और त्वचा मुख्य रूप से प्रोटीन से ही बने होते हैं. इसके अलावा आयरन, जिंक, ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन D, विटामिन C, विटामिन E और B-कॉम्प्लेक्स विटामिन्स भी त्वचा को हेल्दी रखने और बालों की ग्रोथ को सपोर्ट करने में अहम भूमिका निभाते हैं.

लाइफस्टाइल का भी पड़ता है बड़ा असर

सिर्फ अच्छी डाइट ही नहीं, बल्कि आपकी रोजमर्रा की आदतें भी त्वचा और बालों की सेहत को प्रभावित करती हैं. लगातार तनाव, खराब नींद, धूम्रपान, कम पानी पीना, बहुत ज्यादा डाइटिंग करना और धूप में अधिक समय बिताना बालों और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में सिर्फ सप्लीमेंट्स लेने से अच्छे नतीजे नहीं मिलते.

एक्सपर्ट क्या कहते हैं?

HT को क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और न्यूट्रेसी लाइफस्टाइल की संस्थापक डॉ. रोहिणी पाटिल ने बताया कि सबसे पहले संतुलित आहार पर ध्यान देना चाहिए. अपनी डाइट में फल, सब्जियां, अच्छी गुणवत्ता वाला प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और पर्याप्त पानी जरूर शामिल करें. कोलेजन और बायोटिन जैसे सप्लीमेंट्स कुछ लोगों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं, लेकिन इन्हें अच्छी डाइट और हेल्दी लाइफस्टाइल का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें:- बारिश के मौसम में चेहरे पर पिंपल्स बढ़ गए हैं? एक्सपर्ट ने बताया रात को सोने से पहले ये 3 काम करें, जल्द दिखेगा असर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Collagen, Biotin, Skin Care
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com