विज्ञापन

Silk कवर वाले तकिये पर सोने से क्या होता है? स्किन और बालों पर दिखने लगेगा ऐसा असर

इन दिनों सिल्क पिलो कवर काफी चर्चा में हैं. आपने कई लोगों को अपने तकिये पर सिल्क का कवर चढ़ाते हुए देखा होगा. आइए जानते हैं, सिल्क के कवर वाले तकिये पर सोने से क्या होता है-

Silk कवर वाले तकिये पर सोने से क्या होता है? स्किन और बालों पर दिखने लगेगा ऐसा असर
सिल्क कवर वाले तकिये पर सोने के फायदे
(Photo Credit: Freepik)

हर कोई चाहता है कि जब वे सुबह सोकर उठें, तो उनका चेहरा एकदम फ्रेश और ग्लोइंग नजर आए. साथ ही बाल भी सिल्की, सुलझे हुए और शाइनी दिखें. इसके लिए लोग रात को चेहरे और बालों पर कई तरह के प्रोडक्ट्स लगाकर सोते हैं. लेकिन अगर आपके पास उतना समय नहीं होता है, तो आप केवल अपने तकिये का कवर बदलकर भी स्किन और बालों को फायदा पहुंचा सकते हैं. आपने सोशल मीडिया पर कई ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स को सिल्क कवर वाले तकिये पर सोते हुए देखा होगा. आइए जानते हैं कि आखिर कैसे ये कवर आपके बालों और चेहरे की त्वचा के लिए अच्छा हो सकता है. 

सिल्क कवर वाले तकिये पर सोने से क्या होता है?

हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिल्क का पिलो कवर इस्तेमाल करने से त्वचा और बालों को एक साथ कई फायदे मिल सकते हैं. जैसे- 

एक्ने-पिंपल कम हो सकते हैं 

रिपोर्ट में बताया गया है कि सिल्क का कपड़ा बहुत मुलायम और चिकना होता है. इसकी वजह से सोते समय चेहरे और तकिए के बीच कम घर्षण होता है. अगर आपकी स्किन बहुत सेंसेटिव है या खासकर आपको एक्ने-पिंपल होते रहते हैं, तो सिल्क कवर पर सोना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. इससे चेहरे पर कम रगड़ लगती है. एक क्लिनिकल ट्रायल में भी देखा गया है कि सिल्क जैसे पिलो कवर इस्तेमाल करने वाले लोगों में कॉटन कवर इस्तेमाल करने वालों की तुलना में कम पिंपल्स होते हैं. 

ट्रायल में देखा गया कि कॉटन का पिलो कवर चेहरे का ऑयल, पसीना और गंदगी जल्दी सोख लेता है. अगर पिलो कवर समय पर नहीं बदला जाए, तो उसमें गंदगी जमा हो सकती है, जिससे पिंपल या एक्ने की परेशानी बढ़ने लगती है. वहीं, सिल्क कम नमी और कम गंदगी सोखता है. इससे तकिए की सतह ज्यादा साफ रहती है और एक्ने-पिंपल की परेशानी कम होती है.

बाल कम उलझते हैं

कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके बाल हमेशा उलझे रहते हैं, बाल टूटते रहते हैं या ड्राई और फ्रिजी नजर आते हैं. ऐसे लोगों के लिए भी तकिये पर सिल्क का कवर चढ़ाकर सोना फायदेमंद हो सकता है. सिल्क के कपड़े से बालों में कम रगड़ होती है. इससे बाल टूटने, उलझने और रूखे दिखने की समस्या कम हो सकती है.

इससे अलग अगर आपने अपने बालों पर ब्लो-ड्राई कराया है या बाल स्टाइल किए हैं, तो सिल्क वाले कवर पर सोने से बाल कम खराब होते हैं यानी आपकी स्टाइलिंग ज्यादा समय तक टिक सकती है. 

स्किन और हेयर केयर प्रोडक्ट्स का मिलता है पूरा फायदा

रिपोर्ट में आगे बताया गया है, रात में सोने से पहले लोग स्किन केयर करते हैं, तो कुछ लोग बालों में भी सीरम या कोई प्रोडक्ट लगाकर सोते हैं. कॉटन के कवर इन प्रोडक्ट्स को ज्यादा सोख लेते हैं, जबकि सिल्क ऐसा कम करता है. इससे आपके लगाए हुए प्रोडक्ट्स त्वचा और बालों पर बेहतर तरीके से काम कर पाते हैं. 

रात में ज्यादा आरामदायक महसूस होता है

इन सब से अलग सिल्क शरीर का तापमान संतुलित रखने में भी मदद करता है. अगर आपको रात में ज्यादा गर्मी लगती है या पसीना आता है, तो सिल्क पिलो कवर पर सोने से थोड़ी राहत मिल सकती है. इससे बाल भी जल्दी खराब नहीं होते और त्वचा भी ज्यादा आराम महसूस करती है. साथ ही सिल्क त्वचा को कम खींचता है, जिससे लंबे समय में फाइन लाइन्स और झुर्रियों का जोखिम भी कुछ हद तक कम हो सकता है.

इस तरह तकिये पर सिल्क का कवर चढ़ाकर सोने से आपकी स्किन और बालों को एक साथ कई फायदे हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें- भाप लेना चेहरे के लिए कैसा होता है और ठंडे पानी से मुंह धोने से क्या होता है? स्किन एक्सपर्ट से जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Skin Care, Hair Care, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com