बच्चे की ग्रोथ के लिए अच्छी नींद बहुत जरूरी है. ऐसे में छोटे बच्चे की नींद को लेकर नए माता-पिता के मन में कई सवाल होते हैं. जैसे- बच्चे के लिए सोने की बेस्ट पोजीशन क्या है? या क्या बच्चे को छोटी उम्र में करवट लेकर सुलाना चाहिए या नहीं? अगर आप भी इन सवालों का जवाह ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर फेमस पीडियाट्रिशियन निमिशा अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं इस वीडियो में बच्चों की डॉक्टर क्या कहती हैं-
बच्चे को किस पॉजीशन में सुलाएं?
पीडियाट्रिशियन बताती हैं, अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (AAP) के मुताबिक, एक साल से छोटे बच्चे को सुलाते समय हमेशा पीठ के बल यानी बैक पर लिटाना चाहिए. यानी बच्चे को बिस्तर पर इस तरह लिटाएं कि उसकी पीठ नीचे हो और चेहरा ऊपर की तरफ रहे. यही उसके लिए सबसे अच्छी और सही पॉजीशन होती है.
बच्चे को करवट लेकर सुलाना चाहिए या नहीं?इस सवाल को लेकर पीडियाट्रिशियन बताती हैं, करवट लेकर सुलाना छोटे बच्चे के लिए सुरक्षित नहीं होता है. जब बच्चा करवट लेकर सोता है तो नींद में वो पेट के बल पलट सकता है, जिससे सडन इंफेंट डेथ सिंड्रोम (SIDS) का खतरा बढ़ जाता है. SIDS एक ऐसी स्थिति है जिसमें नींद के दौरान बच्चे की सांस रुक सकती है. इसलिए बहुत छोटे बच्चे को करवट लेकर नहीं सुलाना चाहिए.
कब सेफ होता है करवट लेकर सोना?पीडियाट्रिशियन कहती हैं, जब बच्चा लगभग 6 से 7 महीने का हो जाता है और खुद से आगे-पीछे रोल करना सीख जाता है, बच्चे की मोटर स्किल्स बेहतर हो जाती हैं, तब उसे करवट लेकर सुलाया जा सकता है. ऐसे बच्चे को शुरुआत में पीठ के बल सुलाना चाहिए. अगर वह नींद में खुद अपनी आरामदायक पॉजीशन में चला जाता है, तो उसे बार-बार वापस पलटने की जरूरत नहीं होती.
बच्चे का बिस्तर कैसा होना चाहिए?डॉक्टर अरोड़ा आगे कहती हैं, बच्चे की अच्छी नींद के लिए सिर्फ सोने की पॉजीशन ही नहीं, बल्कि उसके बिस्तर पर भी ध्यान देना जरूरी है. बच्चे को हमेशा एक फर्म और फ्लैट मैट्रेस पर सुलाएं. इसके साथ ही बच्चे के आसपास तकिया, खिलौने, ढीले कंबल या दूसरी नरम चीजें नहीं रखनी चाहिए. ये चीजें नींद में बच्चे के चेहरे के पास आ सकती हैं, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी हो सकती है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- अपने बच्चे को YouTube पर जरूर दिखाएं ये 5 Short Films, चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट ने बताया सीखेगा कई जरूरी बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं