आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में बालों का झड़ना, डैंड्रफ, स्कैल्प में खुजली या जरूरत से ज्यादा तेल बनना बहुत आम समस्याएं बन गई हैं. इससे बचाव के लिए कई लोग महंगे शैंपू और हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन स्कैल्प की देखभाल को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि स्वस्थ और मजबूत बालों की शुरुआत एक हेल्दी स्कैल्प से ही होती है. प्रदूषण, हार्ड वॉटर, केमिकल ट्रीटमेंट्स और खराब लाइफस्टाइल स्कैल्प की सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे बाल कमजोर होने लगते हैं. अगर आप भी हेयर फॉल और डैंड्रफ से परेशान हैं, तो केवल बालों की नहीं, बल्कि स्कैल्प की देखभाल पर ध्यान देना जरूरी है. चलिए आपको बताते हैं एक्सपर्ट द्वारा बताए गए 5 आसान स्कैल्प केयर टिप्स, जो आपके बालों को हेल्दी और मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं.
Elements of Aesthetics एवं Non-Surgical Hair Growth Booster की संस्थापक, एमडी डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. स्तुति खरे शुक्ला ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि आजकल सोशल मीडिया पर स्कैल्प केयर यानी सिर की त्वचा की देखभाल को लेकर काफी चर्चा हो रही है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि मजबूत, घने और हेल्दी बालों के लिए सिर्फ बालों की नहीं, बल्कि स्कैल्प की सही देखभाल भी बहुत जरूरी है. कई लोगों के स्कैल्प पर जरूरत से ज्यादा सीबम यानी प्राकृतिक तेल बनता है, जो बालों की ग्रोथ को प्रभावित कर सकता है और हेयर फॉल की समस्या बढ़ा सकता है. इसके अलावा बढ़ता प्रदूषण, खारे या हार्ड पानी का इस्तेमाल, बार-बार कराए जाने वाले केमिकल ट्रीटमेंट्स और अलग-अलग pH वाले हेयर प्रोडक्ट्स भी स्कैल्प की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं.
स्कैल्प का बालों की ग्रोथ से क्या संबंध है?
स्कैल्प में ही हेयर फॉलिकल्स यानी बालों की जड़ें मौजूद होती हैं, जो बालों को बढ़ाने का काम करती हैं. अगर स्कैल्प पर जरूरत से ज्यादा तेल बनने लगे या सफाई ठीक से न रखी जाए, तो हेयर फॉलिकल्स प्रभावित हो सकते हैं. इसका असर सीधे बालों की ग्रोथ और उनकी मजबूती पर पड़ सकता है.
हेल्दी स्कैल्प क्यों जरूरी है?
अगर आप लंबे, घने और मजबूत बाल चाहते हैं, तो स्कैल्प का हेल्दी रहना बेहद जरूरी है. एक हेल्दी स्कैल्प हेयर फॉलिकल्स को सही तरीके से काम करने में मदद करती है. इसके साथ ही यह बालों की जड़ों तक पोषण और ऑक्सीजन पहुंचाने में सहायक होती है. इसके अलावा स्कैल्प में होने वाली सूजन को कम करने में भी मदद मिलती है, जिससे बाल झड़ने की समस्या कम हो सकती है और बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है.
स्कैल्प केयर के 5 आसान उपाय
नियमित शैंपू करें- हफ्ते में 2 से 3 बार माइल्ड या एंटी-डैंड्रफ शैंपू का इस्तेमाल करें ताकि स्कैल्प पर गंदगी और पसीना जमा न हो.
तेल से मालिश करें- नारियल के तेल में कुछ बूंदें टी-ट्री ऑयल की मिलाकर स्कैल्प की हल्की मालिश करें, जिससे फंगस दूर होती है और ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है.
गर्म पानी से बचें- बाल धोने के लिए हमेशा सादे या गुनगुने पानी का ही उपयोग करें, क्योंकि बहुत गर्म पानी स्कैल्प को रूखा बना देता है.
हेल्दी डाइट लें- डाइट में विटामिन, प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें शामिल करें और दिनभर पर्याप्त पानी पिएं.
केमिकल प्रोडक्ट्स से दूरी- बालों पर ज्यादा हेयर स्प्रे, जेल या कलर का इस्तेमाल करने से बचें क्योंकि ये स्कैल्प को नुकसान पहुंचाते हैं.
यह भी पढ़ें:- Rubina Dilaik ने कराई Microblading, जानें क्या होता है ये ब्यूटी ट्रीटमेंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं