Remove Facial Hair at Home: खूबसूरत और साफ त्वचा पाने की चाह लगभग हर किसी की होती है, खासकर महिलाएं अपनी त्वचा को लेकर काफी सजग रहती हैं, लेकिन चेहरे पर उगने वाले अनचाहे बाल इस खूबसूरती में रुकावट बन जाते हैं. मेडिकल भाषा में इसे हिर्सुटिज्म कहा जाता है, जो अक्सर शरीर में हार्मोन के असंतुलन, खासकर एंड्रोजन हार्मोन के बढ़ने की वजह से होता है.
इसके अलावा, पीसीओएस भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं. ऐसे में अगर कुछ प्राकृतिक तरीके अपना लिए जाएं, तो काफी हद तक इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है.

रसोई में मौजूद है इसका इलाज
रसोई में मौजूद कई चीजों में ऐसे गुण होते हैं, जो त्वचा को साफ रखने और बालों की ग्रोथ को कम करने में मदद कर सकते हैं,
बेसन और हल्दी:
बेसन और हल्दी का मिश्रण लंबे समय से त्वचा के लिए उपयोग किया जाता रहा है. बेसन त्वचा की ऊपरी परत से गंदगी और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करता है, जबकि हल्दी में मौजूद तत्व सूजन कम करने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं.
चीनी और नींबू
चीनी और नींबू का मिश्रण भी प्राकृतिक वैक्सिंग की तरह काम करता है. जब चीनी को गर्म करके उसमें नींबू का रस मिलाया जाता है, तो यह एक चिपचिपा मिश्रण बनता है, जो बालों को जड़ से हटाने में मदद करता है. नींबू में मौजूद अम्लीय तत्व त्वचा को साफ करते हैं और रंगत निखारने में मदद करते हैं.
ओट्स और केला:
ओट्स और केला का मिश्रण खासकर संवेदनशील त्वचा वालों के लिए फायदेमंद माना जाता है. ओट्स एक प्राकृतिक स्क्रब की तरह काम करता है, जो त्वचा से मृत कोशिकाओं को हटाता है. वहीं, केला त्वचा को नमी देता है और उसे मुलायम बनाता है. जब इन दोनों को मिलाकर लगाया जाता है, तो यह न सिर्फ त्वचा को साफ करता है बल्कि बालों की जड़ों को धीरे-धीरे कमजोर करने में भी मदद करता है.

आटा, दूध और गुलाब जल:
आटा, दूध और गुलाब जल का मिश्रण भी असरदार उपाय है. दूध में मौजूद लैक्टिक अम्ल त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाता है और नई कोशिकाओं के बनने में मदद करता है, इससे त्वचा मुलायम बनती है. जब इसे नियमित रूप से लगाया जाता है, तो यह बालों की ग्रोथ को धीमा करता है. यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जिनकी स्किन सेंसिटिव है.
पपीता और हल्दी:
पपीता और हल्दी का मिश्रण भी वैज्ञानिक रूप से फायदेमंद माना जाता है. पपीते में पाए जाने वाले एंजाइम त्वचा की ऊपरी परत को साफ करने और बालों की जड़ों को कमजोर करने में मदद करते हैं. हल्दी के साथ मिलकर यह मिश्रण त्वचा को पोषण देता है और उसे चमकदार बनाता है, इसके नियमित उपयोग से धीरे-धीरे अनचाहे बालों की समस्या को कम किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें: सिर्फ 5 रुपए में कूलर से AC जैसी ठंडी हवा कैसे लें? ये रहा देसी जुगाड़!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं