कई बार हम जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए खूब मेहनत करते हैं, अपने लिए बड़े-बड़े लक्ष्य बनाते हैं और हर दिन कुछ बेहतर करने की कोशिश भी करते हैं. फिर भी कुछ समय बाद लगता है कि जिंदगी वहीं की वहीं खड़ी है. ऐसे में हम अक्सर किस्मत या हालात को जिम्मेदार मान लेते हैं, लेकिन असली वजह हमारी रोज की कुछ आदतें भी हो सकती हैं. शुरुआत में ये आदतें बहुत छोटी और सामान्य लगती हैं, लेकिन धीरे-धीरे ये हमारा कीमती समय, ध्यान और एनर्जी खा जाती हैं. अगर आप भी अपनी जिंदगी में बदलाव चाहते हैं, तो इन 6 आदतों को पहचानना जरूरी है.
हर दिन एक जैसा काम करना
अगर आप रोज एक ही तरीके से काम करते हैं और फिर भी अलग रिजल्ट की उम्मीद रखते हैं, तो निराशा होना तय है. बेहतर नतीजे के लिए कभी-कभी अपना तरीका बदलना और कुछ नया सीखना जरूरी होता है. सिर्फ ज्यादा मेहनत करने से हमेशा अच्छा रिजल्ट नहीं मिलता.

Photo Credit: Freepik
पुरानी गलतियों में उलझे रहना
बीती बातों को बार-बार याद करने से कुछ नहीं बदलता. अगर किसी काम में सफलता नहीं मिली या किसी ने आपके काम को पसंद नहीं किया, तो उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. पुराने फेलियर के बारे में सोचते रहने से आज का समय और एनर्जी दोनों खराब होते हैं.
जिम्मेदारी से बचना
गलती होने पर दूसरों को जिम्मेदार ठहराना आसान लगता है, लेकिन इससे समस्या खत्म नहीं होती. अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका सामना करना सीखना चाहिए. जब आप अपनी गलतियों को स्वीकार करते हैं, तभी उन्हें सुधारने का मौका मिलता है.
अपनी सोच को ही सही मानना
कई लोग अपनी आइडिया को ही सबसे सही मानकर उसी पर टिके रहते हैं. लेकिन हर दिन कुछ नया सीखने का मौका मिलता है. दूसरों की बात सुनना और जरूरत पड़ने पर अपनी सोच बदलना आपको आगे बढ़ने में मदद कर सकता है.
निगेटिव लोगों के बीच रहना
अगर आपके आसपास हर बात में कमी निकालने वाले लोग हैं, तो उनकी बातें आपकी सोच पर भी असर डाल सकती हैं. लगातार निगेटिव बातें सुनने से आपका उत्साह कम हो सकता है. इसलिए ऐसे लोगों की बातों को खुद पर हावी ना होने दें.
जरूरत से ज्यादा उम्मीद रखना
हर कोशिश का रिजल्ट आपकी उम्मीद के मुताबिक आए, ये जरूरी नहीं है. बहुत ज्यादा उम्मीद रखने पर छोटी असफलता भी बड़ी निराशा दे सकती है. मेहनत करते रहें, लेकिन हर बार परफेक्ट रिजल्ट की उम्मीद ना रखें. इससे आपका फोकस बना रहेगा और समय भी बेकार नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें:- 15 अगस्त से पहले घर को दें देशभक्ति का रंग, ये 7 DIY Decor Ideas बदल देंगे पूरा लुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं