आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स जिस तरह से एडवांंस हो रहे हैं, वह समय दूर नहीं जब इनकी वजह से और नौकरियां जाने का खतरा बढ़ जाएगा. दुनिया के बड़े दिग्गज भी इसी तरह की चिंता जाहिर कर रहे हैं. कुछ समय पहले चीन की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी JD.com के संस्थापक रिचर्ड लियू (Liu Qiangdong) ने कहा कि भविष्य में कंपनी के लगभग 7 लाख डिलीवरी कर्मचारियों की जगह रोबोट ले सकते हैं. उनके इस बयान ने दुनियाभर में ऑटोमेशन और नौकरियों के भविष्य को लेकर चर्चा तेज कर दी है.
क्या कहा JD.com के संस्थापक ने
एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) CEO फोरम में बोलते हुए रिचर्ड लियू ने कहा था कि “देर-सबेर एक समय ऐसा आएगा जब पार्सल की डिलीवरी रोबोट करेंगे और पारंपरिक डिलीवरी कर्मचारियों की जरूरत नहीं रहेगी.” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे नहीं चाहते कि कंपनी के कर्मचारी बेरोजगार हों.
7 लाख कर्मचारियों के लिए क्या है कंपनी की योजना
JD.com ने केवल ऑटोमेशन की बात ही नहीं की, बल्कि कर्मचारियों को नए कौशल सिखाने की योजना भी बनाई है. कंपनी ने करीब 120 शिक्षण संस्थानों के साथ साझेदारी की है ताकि डिलीवरी स्टाफ को रोबोट मरम्मत, रखरखाव और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया जा सके.
डिलीवरी में रोबोट का इस्तेमाल कितना आगे बढ़ चुका है?
JD.com कई वर्षों से स्वायत्त (Autonomous) डिलीवरी तकनीकों पर काम कर रही है. कंपनी पहले ही चीन के कई क्षेत्रों में डिलीवरी रोबोट और ऑटोमेटेड लॉजिस्टिक्स सिस्टम का परीक्षण कर चुकी है. शंघाई में कंपनी ने 100 से अधिक डिलीवरी रोबोट तैनात किए थे, जो सेवाएं दे रहे थे.
क्या नौकरियों पर मंडरा रहा है खतरा?
विशेषज्ञों का मानना है कि रोबोट और AI कई कार्यों को संभाल सकते हैं, जिससे कंपनियों की लागत कम होगी और दक्षता बढ़ेगी. लेकिन इससे लाखों लोगों की नौकरियों पर असर पड़ सकता है. चीन में गिग वर्कर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है और डिलीवरी सेक्टर करोड़ों लोगों को रोजगार देता है. ऐसे में ऑटोमेशन का सामाजिक और आर्थिक प्रभाव बड़ा हो सकता है.
क्या AI और रोबोट सिर्फ नौकरियां खत्म करेंगे?
विशेषज्ञों का कहना है कि नई तकनीकें कुछ नौकरियां खत्म करती हैं, लेकिन नई नौकरियां भी पैदा करती हैं. रोबोटिक्स, AI ट्रेनिंग, मशीन मेंटेनेंस, ऑटोमेशन सुपरविजन और डेटा मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में नई भूमिकाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है.
भविष्य में क्या होगा?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि डिलीवरी कर्मचारियों की जगह रोबोट पूरी तरह कब ले पाएंगे. लेकिन इतना तय है कि लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स सेक्टर में ऑटोमेशन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. आने वाले वर्षों में कंपनियां मानव कर्मचारियों और रोबोट्स के मिश्रित मॉडल पर काम कर सकती हैं, जहां तकनीक और मानव कौशल दोनों की जरूरत होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं