UPSC Toppers : यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाती है. हर साल लाखों उम्मीदवार IAS, IPS और IFS अधिकारी बनने का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल होते हैं. हालांकि, सिर्फ परीक्षा पास करना ही काफी नहीं होता, बल्कि मनचाहा पद पाने के लिए बेहतर रैंक हासिल करना भी बेहद जरूरी माना जाता है. यही वजह है कि UPSC का रिजल्ट आते ही टॉपर्स की चर्चा पूरे देश में शुरू हो जाती है. पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो उत्तर प्रदेश इस मामले में सबसे आगे दिखाई देता है. इस दौरान राज्य ने सबसे ज्यादा बार ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल करने वाले उम्मीदवार देकर एक खास उपलब्धि अपने नाम की है.
यह भी पढ़ें- भारत में इन डिग्रियां के पास है सबसे कम नौकरी? रिपोर्ट के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
कब-कब दिए टॉपर्स
उत्तर प्रदेश ने पिछले 10 सालों में 3 टॉपर्स दिए हैं. इनमें शक्ति दुबे (2024), आदित्य श्रीवास्तव (2023) और श्रुति शर्मा (2021) शामिल हैं. इसलिए ही यूपी को UPSC टॉपर्स की ‘फैक्ट्री' भी कहा जाता है. इस बीच उत्तर प्रदेश के नाम सबसे ज्यादा IAS, IPS और IFS देने का रिकॉर्ड नाम है. इसके अलावा राज्य में सबसे ज्यादा IAS कार्यरत भी हैं. आंकड़ों के अनुसार, यूपी में कुल 652 IAS पद हैं, जिनमें से 548 पद फिलहाल भरे हुए हैं. जानकारों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मजबूत एजुकेशनल माहौल, बड़े कोचिंग नेटवर्क और सिविल सेवा को लेकर जागरूकता इसकी बड़ी वजह है.
ये राज्य भी नहीं पीछे
बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने भी UPSC में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है. दिल्ली और राजस्थान ने दो-दो बार टॉप रैंक हासिल की है. पिछले 10 सालों में दिल्ली से टीना डाबी (2015) और इशिता किशोर (2022), जबकि राजस्थान से अनुज अग्निहोत्री (2025) और कनिष्क कटारिया (2018) ने पहली रैंक हासिल की है. इसके अलावा बिहार के शुभम कुमार ने 2020 में टॉप किया था
पिछले 10 साल के UPSC टॉपर्स और उनके राज्य
साल टॉपर राज्य
2025 अनुज अग्निहोत्री राजस्थान
2024 शक्ति दुबे उत्तर प्रदेश
2023 आदित्य श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश
2022 इशिता किशोर दिल्ली
2021 श्रुति शर्मा उत्तर प्रदेश
2020 शुभम कुमार बिहार
2019 प्रदीप सिंह हरियाणा
2018 कनिष्क कटारिया राजस्थान
2017 अनुदीप दुरीशेट्टी तेलंगाना
2016 नंदिनी के.आर. कर्नाटक
2015 टीना डाबी दिल्ली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं