देश के सर्वोच्च न्यायालय यानी सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में नौकरी पाने का अवसर है. सुप्रीम कोर्ट ने जूनियर कोर्ट असिस्टेंट के 250 अस्थायी पदों पर भर्ती के लिए भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स के लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये शुरुआती बेसिक सैलरी के साथ अन्य भत्ते दिए जाएंगे. इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा, उम्मीदवार को कंप्यूटर संचालन का ज्ञान होना अनिवार्य है. कंप्यूटर पर अंग्रेजी में टाइपिंग की गति कम से कम 35 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए.
18 से 30 साल तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
1 सितंबर, 2026 को उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 30 साल होनी चाहिए. अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC-नॉन क्रीमी लेयर), दिव्यांग और पूर्व सैनिक श्रेणी के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को अधिकतम पांच साल की अतिरिक्त छूट दी जाएगी.
चार चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन चार चरणों में किया जाएगा. इसमें ऑब्जेक्टिव टाइप परीक्षा, कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट, डिस्क्रिप्टिव रिटेन टेस्ट और इंटरव्यू शामिल हैं.
ऑब्जेक्टिव टाइप टेस्ट: 100 अंकों की परीक्षा में सामान्य अंग्रेजी, सामान्य योग्यता, सामान्य ज्ञान, भारतीय संविधान में न्यायपालिका से जुड़े प्रावधान, सुप्रीम कोर्ट रूल्स, 2013, सुप्रीम कोर्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवा नियम, 1961 और कंप्यूटर ज्ञान से संबंधित प्रश्न होंगे. परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी. न्यूनतम उत्तीर्ण अंक 50 हैं.
टाइपिंग टेस्ट: अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट की न्यूनतम गति के साथ 10 मिनट का टेस्ट होगा. यह 50 अंकों का होगा, जिसमें 25 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है.
डिस्क्रिप्टिव रिटेन: अंग्रेजी में कॉम्प्रिहेंशन, प्रेसी राइटिंग और निबंध लेखन की परीक्षा दो घंटे की होगी. यह 100 अंकों की होगी, जिसमें न्यूनतम 50 अंक जरूरी हैं.
इंटरव्यू: अंतिम चरण 25 अंकों का होगा. इसमें न्यूनतम 13 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है.
कितना है आवेदन शुल्क?
सामान्य और अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है. वहीं, SC, ST, OBC (नॉन क्रीमी लेयर), पूर्व सैनिक और दिव्यांग उम्मीदवारों को 750 रुपये शुल्क देना होगा. इसके अतिरिक्त बैंक शुल्क भी लागू होगा. भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से UCO बैंक के पमेंट गेटवे के जरिए किया जा सकेगा. आवेदन शुल्क गैर-वापसी योग्य है.
कब से करें आवेदन?
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 20 अक्टूबर, 2026 को रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट www.sci.gov.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. डाक से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे.
ये भी पढ़ें - IBPS क्लर्क का एडमिट कार्ड जारी, इस डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं