छत्तीसगढ़ की रहने वालीं चारू पांडेय का नाम तो आपने कुछ महीने पहले सुना ही होगा, जिन्होंने 19 सरकारी नौकरियां हासिल करने का रिकॉर्ड बना दिया था. अब चारू के बाद एक IITian ने ये कमाल कर दिखाया है. आंद्र प्रदेश के 29 वर्षीय लोमडा नागेंद्र साई ने एक के बाद एक 14 सरकारी नौकरियों के एग्जाम क्रैक किए और खास बात ये है कि सभी सेंट्रल गवर्नमेंट की जॉब्स थीं. करीब तीन साल की कड़ी तैयारी के बाद, IIT खड़गपुर के इस ग्रेजुएट ने केंद्र सरकार की 14 अलग-अलग नौकरियों में अपनी जगह बनाकर शुरुआती असफलताओं को एक शानदार सफलता की कहानी में बदल दिया.
कोरोना के दौर ने बदल दी सोच
कड़पा की राजारेड्डी स्ट्रीट के रहने वाले साई ने IIT खड़गपुर से 'इंडस्ट्रियल एंड सिस्टम्स इंजीनियरिंग' में 5 साल का इंटीग्रेटेड BTech-MTech कोर्स पूरा किया है. IIT करने वाले हर युवा की तरह साई ने भी शुरुआत में IT सेक्टर में करियर बनाने का सोचा था, लेकिन महामारी के दौरान हुई छंटनियों ने उन्हें अपने फैसले पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया. इसे लेकर साई ने बताया, "कोरोना के दौरान मैंने कई कर्मचारियों को अपनी नौकरियां गंवाते देखा. चूंकि मेरे माता-पिता दोनों सरकारी कर्मचारी हैं, इसलिए मुझे लगा कि सरकारी नौकरी ही जीवन को स्थिरता और लंबे समय की सुरक्षा दे सकती है."
तमाम भर्तियों में आया नाम
लोमडा नागेंद्र साई ने 2022 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की थी, लेकिन शुरुआती कोशिशों में वे असफल रहे. हालांकि, हार मानने के बजाय वो बेहतर तैयारी के लिए आंध्र प्रदेश से तेलंगाना के हैदराबाद चले गए. यहां उन्होंने लगातार पढ़ाई पर जोर दिया और रोजाना 12 घंटे तक सिर्फ यही काम किया. इसके बाद मेहनत रंग लाई और उन्होंने SSC, AIIMS और CPCB जैसी सरकारी एजेंसियों की सिलेक्शन लिस्ट में अपना नाम दर्ज किया. हाल ही में SSC मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) भर्ती में नाम आने के साथ ही केंद्र सरकार में उनके कुल सेलेक्शन की संख्या 14 हो गई.
आखिर में चुनी ये नौकरी
तमाम सरकारी नौकरियों के विकल्प होने के बावजूद उन्होंने 'कर्मचारी राज्य बीमा निगम' (ESIC) में 'सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर' के पद को चुना, क्योंकि ये पद ठीक वैसा ही था, जैसा वो चाहते थे. इस पद पर ज्वाइन करने के बाद उन्होंने बाकी बची 13 भर्तियों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) में हिस्सा नहीं लिया, ताकि उन पदों पर अन्य योग्य उम्मीदवारों को मौका मिल सके.
तैयारी करने वालों को दी सलाह
साई ने तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को सलाह देते हुए बताया कि वो शुरुआती असफलताओं से अपना आत्मविश्वास न टूटने दें. उन्होंने सलाह दी कि एक या दो बार असफल होने पर हिम्मत न हारें और तैयारी बंद न करें. कई टैलेंटेड लोग तैयारी सिर्फ इसलिए छोड़ देते हैं, क्योंकि उनका कॉन्फिडेंस कम हो जाता है, लेकिन तब तक मेहनत करते रहें, जब तक आपके पास उम्र है.
ये भी पढ़ें - JPSC-JSSC मुद्दे पर रांची में अनशन पर बैठे देवेंद्र महतो ने कहा- मेरी जान को खतरा, NDTV की एक्सक्लूसिव बातचीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं