IIT दिल्ली में डायरेक्टर के पद पर भर्ती निकाली गई है. शिक्षा मंत्रालय ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (IIT Delhi) में डायरेक्टर के पद पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. इसे लेकर उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से नोटिफिकेशन जारी किया गया है. एजुकेशन से जुड़े तमाम दिग्गज इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 है. डायरेक्टर की नियुक्ति पर आखिरी फैसला सर्च-कम-सिलेक्शन कमेटी की सिफारिश के आधार पर ही लिया जाएगा.
डायरेक्टर के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
आईआईटी दिल्ली के डायरेक्टर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास पीएचडी (PhD) की डिग्री होनी अनिवार्य है. इसके अलावा पिछली डिग्री में फर्स्ट क्लास मार्क्स होने चाहिए. इस पद के लिए इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. हालांकि, विशेष मामलों में साइंस, मैथमेटिक्स या मैनेजमेंट बैकग्राउंड के उम्मीदवारों पर भी विचार किया जा सकता है.
अनुभव भी जरूरी
इस पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का अनुभव भी काफी ज्यादा होना चाहिए. उम्मीदवार का एकेडमिक रिकॉर्ड मजबूत होना चाहिए. साथ ही किसी बड़े इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी संस्थान या यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 साल पढ़ाने का अनुभव मांगा गया है. इसके अलावा प्रशासनिक अनुभव से लेकर पीएचडी छात्रों को गाइड करने का भी अनुभव होना चाहिए. इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 60 साल से कम होनी चाहिए.
डायरेक्टर को मिलेगी तगड़ी सैलरी
IIT दिल्ली के डायरेक्टर पद पर 2.25 लाख रुपये महीने की फिक्स्ड सैलरी मिलेगी. इसके अलावा बाकी तमाम भत्ते भी दिए जाएंगे. यानी सैलरी 2.5 लाख से ज्यादा तक हो सकती है. इस पद पर पांच साल के लिए नियुक्ति मिलेगी, इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है. अधिकतम 70 साल की उम्र तक डायरेक्टर के पद पर नौकरी कर सकते हैं.
ये डॉक्यूमेंट हैं जरूरी
डायरेक्टर पद पर आवेदन करने के लिए एक रिज्यूमे बनाकर उसमें अपनी सभी जानकारी शामिल करनी होगी. इसमें रिसर्च, टीचिंग एक्सपीरियंस, एजुकेशन और बाकी तमाम तरह की जानकारी होगी. इसके अलावा दो पेज का एक जस्टिफिकेशन स्टेटमेंट भी लिखकर देना होगा, जिसमें ये बताना होगा कि क्यों वो इस पद के लिए सबसे अच्छे दावेदार हैं. IIT मंडी और IIT इंदौर में भी डायरेक्टर के पदों पर भर्ती इसी आधार पर होगी.
ये भी पढ़ें - UPSC Recruitment 2026: सिर्फ 25 रुपये में यूपीएससी के 13 पदों पर करें अप्लाई, 16 अक्टूबर है लास्ट डेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं