- भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अनुप गर्ग और पुलिस सेवा की साक्षी जमुआर अब झारखंड कैडर में साथ कार्य करेंगे
- अनुप गर्ग को विवाह के आधार पर केरल कैडर से झारखंड कैडर में स्थानांतरित किया गया है
- साक्षी जमुआर झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली हैं और 2024 बैच की IPS अधिकारी हैं
IAS Anup Garg IPS Sakshi Jamuar Jharkhand: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी अनुप गर्ग और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी साक्षी जमुआर के बीच नौकरी के चलते आई ढाई हजार किलोमीटर की दूरी अब समाप्त हो गई है. दोनों अब एक साथ झारखंड कैडर में अपनी सेवाएं दे सकेंगे. झारखंड के इस 'पावर कपल' की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायी है. दोनों ने मिलकर कुल 8 प्रयासों में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास की है. गौरतलब है कि केरल और झारखंड की राजधानी के बीच की दूरी लगभग 2,524 किलोमीटर है.
दरअसल, 2022 बैच के IAS अनुप गर्ग का तबादला उनकी पत्नी और 2024 बैच की IPS साक्षी जमुआर से विवाह के आधार पर केरल कैडर से झारखंड कैडर में कर दिया गया है. अनुप गर्ग को भी अब झारखंड कैडर आवंटित कर दिया गया है. UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में अनुप गर्ग को अपने पांचवें प्रयास में, जबकि साक्षी जमुआर को अपने तीसरे प्रयास में सफलता मिली थी. मीडिया की कई खबरों में इनकी शादी को लव मैरिज के रूप में देखा जाता है.
IPS साक्षी जमुआर कौन हैं?
साक्षी जमुआर मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं. वह अपने होम कैडर (झारखंड) की 2024 बैच की IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में रांची में प्रोबेशनरी एएसपी के रूप में कार्यरत हैं. साक्षी ने अपनी स्कूली शिक्षा रांची के जवाहर विद्या मंदिर से पूरी की, जिसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई की. IPS बनने के बाद जब साक्षी अपने पुराने स्कूल जवाहर विद्या मंदिर पहुंचीं, तो उन्होंने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा, "जिंदगी में एक बात हमेशा याद रखना कि आपको जिस विषय से सबसे ज्यादा डर लगता है, उस पर कड़ी मेहनत करके उसे ही अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लेना चाहिए." साक्षी जमुआर ने UPSC CSE 2023 में अखिल भारतीय स्तर पर 89वीं रैंक हासिल की थी, जो उनका तीसरा प्रयास था.
IAS अनुप गर्ग कौन हैं?
अनुप गर्ग मूल रूप से ओडिशा के राउरकेला के रहने वाले हैं. UPSC की सिविल सेवा परीक्षा 2021 में उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 269वीं रैंक हासिल की थी. यह उनका पांचवां प्रयास था. UPSC में सफलता मिलने के बाद 2022 बैच के IAS के रूप में अनुप गर्ग को केरल कैडर आवंटित हुआ था. अनुप गर्ग ने दयानंद कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से 'इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट' में बी.टेक की डिग्री ली है. उनके पिता सुशील गर्ग एक कपड़ा व्यवसायी हैं और माता ममता गर्ग गृहणी हैं.
अनुप गर्ग ने चौथी कक्षा तक की पढ़ाई एमजीएम (MGM) स्कूल से की. इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित विशप कॉटन बॉयज स्कूल से वर्ष 2010 में ICSE (10वीं) की परीक्षा 89 प्रतिशत अंकों के साथ और वर्ष 2012 में कंप्यूटर साइंस, भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं गणित विषयों के साथ 12वीं (ISC) की परीक्षा 93 प्रतिशत अंकों से पास की. वर्ष 2021 में उन्होंने इग्नू से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की. उन्होंने दिल्ली में रहकर UPSC परीक्षा की तैयारी की थी.
यह भी पढ़ें- IPS हितिका वासल: मध्य प्रदेश में CCTV कैमरों का स्मार्ट यूज कोई इस SP से सीखे, अब IAS बने जिला कलेक्टर
यह भी पढ़ें- MP में 'पावर कपल' का जलवा: IAS पति बने मंदसौर कलेक्टर तो IPS पत्नी के हाथ में गुना SP की कमान
ह भी पढ़ें- Success Story: किसान की बेटी IAS मिशा सिंह बनीं जिला कलेक्टर, बताया-कैसे हैंडल करती हैं पॉलिटिकल प्रेशर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं