Student Movement Bihar : पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. 25 अगस्त को प्रस्तावित महाआंदोलन से पहले राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आंदोलनरत छात्रों को अपना समर्थन दिया है, जिसके बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया. पटना के डीएम कुंदन कुमार ने छात्र नेताओं सौरव कुमार और दिलीप कुमार को बातचीत के लिए बुलाया.
इस बैठक में पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. छात्र नेताओं ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखते हुए मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की मांग की. साथ ही शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री से भी बातचीत करवाने की बात कही.
बैठक के बाद छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री से मुलाकात होने की उम्मीद कम है. वहीं छात्र नेता सौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 25 अगस्त को प्रस्तावित महाआंदोलन हर हाल में जारी रहेगा.
छात्रों ने ऐलान किया है कि 25 अगस्त को सुबह 10 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए मार्च निकाला जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं