एविएशन सेक्टर की चमक-दमक और एयर होस्टेस की नौकरी हमेशा से यंग लोगों को अट्रैक्ट करती रही है. कई लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि आखिर आसमान में यात्रियों की देखभाल करने वाले केबिन क्रू की मंथली इनकम कितनी होती है. हाल ही में दुबई की एयरलाइन Flydubai में काम करने वाली एक केबिन क्रू सदस्य ने सोशल मीडिया पर अपनी सैलरी और दूसरी सुविधाओं की जानकारी शेयर की. पोस्ट में सामने आए आंकड़ों ने लोगों को हैरान कर दिया. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि एक केबिन क्रू सदस्य की मंथली इनकम कुछ मामलों में 3 लाख रुपये से भी ज्यादा पहुंच सकती है. यही वजह है कि ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और बड़ी संख्या में लोग इसे देखकर एक्साइटेड नजर आए.
बेसिक सैलरी करीब 83 हजार रुपये
वायरल पोस्ट के मुताबिक Flydubai में केबिन क्रू की बेसिक सैलरी करीब 3,200 दिरहम प्रति महीने है. भारतीय रुपये में इसकी कीमत लगभग 83 हजार रुपये बैठती है. हालांकि ये सिर्फ शुरुआती सैलरी है. इसके अलावा उड़ान के घंटों के हिसाब से अलग से भुगतान भी किया जाता है. आमतौर पर केबिन क्रू महीने में 100 से 120 घंटे तक उड़ान भरते हैं, जिससे उनकी कुल कमाई और बढ़ जाती है.
सैलरी के साथ मिलती हैं कई सुविधाएं
केबिन क्रू को सिर्फ सैलरी ही नहीं मिलती, बल्कि कई दूसरी सुविधाएं भी दी जाती हैं. इनमें लेओवर अलाउंस, हाउसिंग अलाउंस और ट्रांसपोर्ट से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं. इन एक्स्ट्रा फैसिलिटीज सकी वजह से कुल आय में अच्छा इजाफा हो जाता है. यही कारण है कि इस नौकरी को काफी अट्रैक्टिव माना जाता है.
3 लाख रुपये से ज्यादा तक पहुंच सकती है कमाई
पोस्ट में बताया गया कि उड़ान के घंटे, रूट और लेओवर के आधार पर एक केबिन क्रू सदस्य की मासिक कमाई 14,000 से 15,000 दिरहम तक पहुंच सकती है. भारतीय रुपये में ये रकम करीब 3 लाख से 3.5 लाख रुपये प्रति महीने के बराबर होती है. हालांकि हर महीने ये कमाई एक जैसी नहीं रहती और उड़ानों के शेड्यूल के अनुसार बदल सकती है.
सोशल मीडिया पर क्यों हुई चर्चा
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद लोगों ने केबिन क्रू की नौकरी, उनकी लाइफस्टाइल और सैलरी को लेकर कई सवाल पूछे. बहुत से यूजर्स ने कहा कि उन्हें पहली बार पता चला कि इस प्रोफेशन में इतनी अच्छी कमाई की जा सकती है. वहीं कुछ लोगों ने नौकरी के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी मांगी. इस पोस्ट ने एविएशन इंडस्ट्री में करियर बनाने की सोच रहे युवाओं की दिलचस्पी और बढ़ा दी है. कई यूजर्स का कहना है कि ऐसी जानकारी सामने आने से लोगों को इस क्षेत्र के बारे में बेहतर समझ मिलती है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई.
यह भी पढ़ें- इस दिन होने जा रही है पंजाब पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा, जानें किस दिन जारी होगा एडमिट कार्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं