विज्ञापन

झारखंड: बोकारो एयरपोर्ट विस्तार पर बवाल, अतिक्रमण हटाने गई टीम पर महिलाओं ने क‍िया पथराव

पथराव में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. उन्हें इलाज के ल‍िए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है. (रिपु सूदन की रिपोर्ट)

झारखंड: बोकारो एयरपोर्ट विस्तार पर बवाल, अतिक्रमण हटाने गई टीम पर महिलाओं ने क‍िया पथराव
अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव.

बोकारो में एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने पथराव शुरू कर दिया, इसमें दो सुरक्षा के जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल दोनों का इलाज जारी है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. 

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी  

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-12A काली मंदिर के आगे एयरपोर्ट विस्तार और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर पिछले कई दिनों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है. बीएसएल  सिक्योरिटी विभाग को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने नई जगह पर कब्जा कर वहां 6 से 7 घर बना लिए हैं. सूचना मिलते ही बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की. 

अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा 

कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों ने विरोध जताते हुए अचानक बीएसएल के सुरक्षा कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया. देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पथराव में होमगार्ड के सुरक्षा जवान बबलू कुमार और अकरम अंसारी घायल हो गए. घटना के बाद प्रशासन और बीएसएल के सिक्योरिटी विभाग ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया. 

इलाके में तनाव बरकरार 

फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. बोकारो स्टील मैनेजमेंट और बोकारो प्रशासन एयरपोर्ट विस्तार का काम हर हाल में पूरा कर बोकारो एयरपोर्ट चालू करने का प्रयास में जुटा हुआ है, ज‍िससे बोकारो और बोकारो के आसपास के लोगों को एयर कनेक्टिविटी का फायदा मिल सके. 

बोकारो स्टील प्लांट की सिक्योरिटी विभाग की टीम सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं करने के मूड में है. स्थानीय लोगों में बोकारो स्टील प्लांट के सिक्योरिटी विभाग की टीम के द्वारा कार्रवाई को लेकर काफी नाराजगी भी देखी जा रही है.

यह भी पढ़ें: UP में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 6 नए चेहरों के साथ क्षेत्र और जाति को साधेगी BJP, पूरा गुणा-गणित

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com