विज्ञापन

झारखंड: बहला फुसलाकर सुनसान जगह ले गया प्रेमी... कर दी हत्या, पुष्पा महतो हत्याकांड का 9 महीने बाद खुला राज

झारखंड के बोकारो में 9 महीने से लापता पुष्पा महतो का कंकाल मिलने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है. हत्या के आरोप में प्रेमी गिरफ्तार हुआ जबकि लापरवाही के आरोप में 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच तेज कर दी गई है.

झारखंड: बहला फुसलाकर सुनसान जगह ले गया प्रेमी... कर दी हत्या, पुष्पा महतो हत्याकांड का 9 महीने बाद खुला राज

Jharkhand Crime News: झारखंड के बोकारो में बहुचर्चित पुष्पा महतो गुमशुदगी कांड का दुखद अंत हो गया. 9 महीने से लापता पुष्पा का कंकाल पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मधुटांड जंगल से बरामद हुआ. इस बरामदगी के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया और कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए.

प्रेमी ही निकला हत्यारा

पुलिस ने संदिग्ध दिनेश कुमार महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने ही पुष्पा की हत्या की थी. आरोपी ने 21 जुलाई 2025 को पुष्पा को बहला फुसलाकर सुनसान जगह पर ले जाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी. हत्या की वजह शादी का दबाव बताया गया है.

पुलिस की लापरवाही पर बड़ा एक्शन

इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे. परिजनों ने शुरुआत से ही आरोपी पर शक जताया था लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की. मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक ने बड़ा कदम उठाते हुए पिंड्राजोरा थाना के सभी कर्मियों को निलंबित कर दिया. कुल 28 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है.

हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद बढ़ी जांच

मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने भी कड़ा रुख अपनाया था. डीजीपी और एसपी को अदालत में तलब किया गया. इसके बाद जांच की जिम्मेदारी डीआईजी स्तर की अधिकारी संध्या रानी मेहता को सौंपी गई. उनकी जांच के बाद ही केस में तेजी आई और आरोपी तक पुलिस पहुंच सकी.

SIT और थाना स्तर पर मिली चूक

जांच में सामने आया कि एसआईटी टीम और थाना स्तर पर गंभीर लापरवाही हुई थी. पहले थाना प्रभारी सहित कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और बाद में पूरे थाना स्टाफ व एसआईटी टीम पर कार्रवाई की गई. अब सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है. कंकाल की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट की प्रक्रिया जारी है जिससे पुष्पा की पुष्टि की जा सके.

यह भी पढ़ें- जयपुर में बेखौफ चोर, ज्वेलरी शॉप का चैनल गेट तोड़ 18 किलो चांदी और सोना लेकर फरार

लेखक के बारे में
img
सौरभ कुमार मीणा
Trainee Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bokaro News, Pushpa Mahato Case, Jharkhand Crime, Police Negligence, Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com