- झारखंड के बोकारो की घटना
- भूख से हुई भूखल घासी की मौत
- CM के ट्वीट के बाद हरकत में प्रशासन
झारखंड (Jharkhand) के बोकारो (Bokaro) में एक 42 साल के शख्स की कथित तौर पर खाना न मिलने से मौत हो गई. मृतक का नाम भूखल घासी था. भूखल के परिवार का दावा है कि उनके घर में कई दिनों से खाना नहीं था. खाना न मिलने पर भूखल की मौत हो गई. वहीं इसके उलट बोकारो प्रशासन कुछ और ही दावे कर रहा है. प्रशासन का कहना है कि भूखल की मौत भूख से नहीं बल्कि बीमारी से हुई है. वह कई महीनों से बीमार था.
भूखल घासी के परिवार के पास न ही राशन कार्ड था और न ही आयुष्मान कार्ड. मृतक की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनके घर में खाने के लिए कुछ नहीं था. पत्नी के दावे को गलत बताते हुए बोकारो जिले के आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा, 'भूखल रक्तहीनता से पीड़ित था और डॉक्टरों की निगरानी में था. वो बेंगलुरु में काम करता था और बीमार पड़ने के बाद 6 महीने पहले ही यहां लौटा था. भूखल की मौत बीमारी से हुई है.'
उन्होंने आगे कहा, 'भूखल का पूरा परिवार रक्तहीनता की बीमारी से ग्रसित है. बीडीओ को निर्देश दिए गए हैं कि उसके परिवार को तत्काल विधवाओं के लिए भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत लाभ दिए जाएं. उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से बीमार है. सरकारी फंड से उनका इलाज किया जाएगा. पूरे परिवार का इलाज कराया जाएगा.'
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्विटर के जरिए अधिकारियों को पीड़ित परिवार की मदद के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद अधिकारी हरकत में आए और जिले के डिप्टी कमिश्नर अपनी टीम के साथ भूखल घासी के गांव पहुंचे.
VIDEO: झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं